शक्तिभवन के तरंग ऑडीटोरियम में तीन दिवसीय कार्यक्रम शुरू
जबलपुर। प्रदेश भर में गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध रूप से बिजली उपलब्ध कराने के लिए रामपुर स्थित तरंग प्रेक्षागृह में आज से तीन दिवसीय ‘मंथन 2022’ का शुभारंभ किया गया। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्मन सिंह तोमर, प्रमुख सचिव संजय दुबे से लेकर सभी 6 कंपनियों के एमडी, इंजीनियर और लाइनमैन इस बात को लेकर मंथन कर रहे हैं कि उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाकर कंपनी की तकनीकी हानि को किस प्रकार कम किया जा सके। यह कार्यक्रम बिजली मुख्यालय शक्तिभवन के पास स्थित तरंग प्रेक्षागृह में 7 मई तक चलेगा, जिसमें देश भर से आए बिजली विशेषज्ञ बिजली संकट, सप्लाई,लाइन लॉस, बिल वसूली सहित अन्य मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे। मंथन-2022 के उद्घाटन के दौरान पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एमडी अनय द्विवेदी, मप्र पावर जनरेटिंग कंपनी के एमडी सुनील तिवारी सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
सीखने का सवरेत्तम अवसर,शिकायतें हों कम
ऐसा माना जा रहा है कि ‘मंथन-2022’ ऊर्जा क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनाई गई सर्वोत्तम प्रथाओं के बारे में क्षेत्र के विशेषज्ञों से आत्मनिरीक्षण करने और सीखने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगा। आयोजन में ऊर्जा क्षेत्र के सफल परिवर्तन में बाधक तत्वों से निबटने के तरीके पर विचार-विमर्श होगा। आपसी संवाद करने का अवसर प्रदान करेगा। इसका उद्देश्य ऊर्जा संक्रमण या परिवर्तन की रणनीति बनाने और वित्तीय स्थिरता हासिल करने पर ध्यान केंद्रित करना है। तीन दिनों तक प्रदेश की बिजली कंपनियों के अभियंता और कर्मी आत्मनिरीक्षण के दौरान ऊर्जा विशेषज्ञों, अकादमिक व प्रेक्टिसनर से और आपस में स्वयं सीख कर-क्या हासिल कर सकते हैं, जैसे मुद्दे पर चिंतन करेंगे। मंथन-2022 का प्रमुख उद्देश्य बिजली हानियों को कम करना और उपभोक्ताओं की शिकायतों को कम करना है।