Type Here to Get Search Results !

सिंधी कैम्प की कुख्यात महिला शराब तस्कर मीना मच्छी के कब्जे से नजूल की जमीन मुक्त

3 करोड़ कीमती जमीन पर तान लिया था मकान, क्षेत्र में 5 बेटों का है आतंक 

जबलपुर। कुख्यात महिला शराब तस्कर एवं भू-माफिया मीना बाई उर्फ मच्छी सोनकर के खिलाफ जिला व पुलिस प्रशासन की कार्रवाई में नजूल की जमीन पर बने मकान को तोड़ दिया गया। पुलिस ने बताया कि मीना बाई व उसके 5 बेटों के विरुद्ध हनुमानताल थाना में हत्या का प्रयास, एनडीपीएस, एक्ट, अवैध वसूली, बलवा, आर्म्स एक्ट, आबकारी के कई प्रकरण दर्ज हैं। अपराधी, भू-माफिया के विरुद्ध चल रही कार्रवाई दौरान आज भारी पुलिस फोर्स की तैनाती के बीच नजुल की जमीन बने मकान को पुलिस-प्रशासन एवं जेएमसी की संयुक्त टीम ने तोड़ दिया। रास्ता संकीर्ण होने के कारण हथौड़ा से पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कीमती जमीन पर 50 लाख की लागत से मकान बनाया गया था। 

महिला व बेटों पर दर्ज अपराधों की है लम्बी फेहरिस्त

सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा व कलेक्टर इलैया राजा टी. के निर्देशन में बाबा टोला सिंधी कैंप निवासी महिला शराब तस्कर 52 वर्षीय मीनाबाई उर्फ मच्छी सोनकर द्वारा किए गए कब्जे को तोड़कर जमीन मुक्त कराई गई। महिला शराब तस्कर मीना बाई व भू-माफिया पर करीब 21 अपराध दर्ज हैं। मीना के बेटे सोनू सोनकर पर 27 अपराध, बाबा सोनकर पर 31 अपराध, श्याम उर्फ कल्लू सोनकर पर 28 अपराध, मोनू उर्फ बौरा सोनकर पर 30 एवं राजा सोनकर पर 12 अपराध दर्ज हैं। मीना बाई और उसके बेटों ने नजूल की 5000 वर्ग फीट जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कर मकान बनाया हुआ था। कार्रवाई दौरान पर मौके पर अपर कलेक्टर नम: शिवाय अरजरिया, तहसीलदार संदीप जायसवाल, सीएसपी अखिलेश गौर, हनुमानताल टीआई उमेश गोल्हानी, केंट टीआई विजय तिवारी, बेलबाग टीआई प्रियंका सहित अधारताल एवं गोहलपुर थाना का पुलिस बल मौजद रहा। पुलिस के मुताबिक शराब तस्कर मीनाबाई और उसके 5 बेटों ने गुड़ागर्दी करते हुए नजूल की करीब 3 करोड़ रुपए कीमत की जमीन पर कब्जा कर रखा था। बाबा टोला सिंधी कैंप में महिला और उसके बेटों की दबंगई से लोगों में दहशत है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.