Type Here to Get Search Results !

सिवनी मॉब लिंचिंग में सियासत गर्म, कांग्रेस विधायकों ने बताया अत्याचार, गृहमंत्री बोले-बेटे की लॉन्चिंग कर रहे कमलनाथ

नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह के साथ पहुंचे नकुलनाथ, तरुण भनोत, विनय सक्सेना, अन्नू 

सिवनी। कथित गोमांस तस्करी में दो आदिवासियों की पीट-पीटकर हत्या के मामले में महाकोशल के साथ प्रदेश की सियासत गर्म हो गई है। पीड़ित आदिवासी परिवार से मिलने गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह के साथ सांसद नकुलनाथ, पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत, विधायक विनय सक्सेना व जबलपुर नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू व अनेक कांग्रेस नेता पहुंचे। कांग्रेस का आरोप है कि आदिवासियों से झूठा प्रेम दिखाने वाली भाजपा व उसके अनुषांगिक संगठन अत्याचार कर रहे हैं और बरघाट की मॉब लिंचिंग का मामला इसी से जुड़ा है। इस आरोप पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र ने कहा कि मॉब लिंचिंग की आड़ लेकर कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ की लॉन्ंिचग कर रहे हैं। 

दिग्विजय सिंह व विवेक तन्खा ने किए तीखे ट्वीट

 पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर लिखा कि मप्र शासन पूरे पक्षपात ढंग से काम कर रहा है। नियम क़ानून और संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बजरंग दल के गुंडों को क्यों संरक्षण दिया जा रहा है? भाजपा का आदिवासी प्रेम केवल उनके वोटों तक सीमति है। वहीं राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा है कि आदिवासी राज्यपाल के रहते आदिवासियों पर जुल्म कैसे हो रहे हैं? उन्होने ट्वीट कर राज्यपाल मंगुभाई पटेल की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। तन्खा बयान जारी कर कहा कि सिवनी में 2 आदिवासियों की मृत्यु और एक गम्भीर रूप से घायल है। मप्र में आदिवासी महामहिम राजपाल हैं। आप के रहते आदिवासियों पर सिवनी या अन्य ज़िलों में जुल्म कैसे हो रहे हैं और यदि हो रहे हैं तो आप चुप क्यों हैं। हिम्मत कर अपने दायित्व और समाज की रक्षा कीजिए। इतिहास पुरु ष बनिए। 

बजरंग दल कार्यकर्ता नहीं थे,13 गिरफ्तार: गृहमंत्री

गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र ने कहा है कि गौमांस से जुड़ा हुआ विषय जो था, ऐसा प्रथम दृष्टया जांच में कुछ लोगों ने कहा है। 13 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इसमें बजरंग दल के कार्यकर्ता होने की बात भी प्रथम दृष्टया सामने नहीं आई है। गृहमंत्री ने कहा कि कमलननाथ का नेता प्रतिपक्ष का पद गया, अध्यक्ष पद पर संकट के बादल हैं। ऐसे में कमलनाथ बेटे को प्रोजेक्ट कर रहे हैं, तो इसमें क्या बुराई है। कांग्रेस की संस्कृति ऐसी है, परिवारवाद की परंपरा है। इसलिए अध्यक्ष के नाते परिवार को आगे बढ़ा रहे हैं। सिवनी में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल भेजने पर गृहमंत्री ने तंज कसा कि रिपोर्ट तो पहले से मालूम है। जो भी प्रतिनिधिमंडल जाता है, वह क्या सरकार के पक्ष में रिपोर्ट देगा। वो सिर्फ इसलिए भेजते हैं कि सरकार के खिलाफ एक दिन की न्यूज बन जाए। अचंभा इस बात का है कि कांग्रेस के अध्यक्ष कहीं जाते नहीं दिखते। इस मामले में कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने पलटवार करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के गृहमंत्री कह रहे हैं कि आरोपियों का बजरंग दल से कोई संबंध नहीं। वहीं सिवनी जिले के कुरई के एसएचओ स्वीकार रहे हैं कि इस घटना में 3 आरोपी बजरंग दल के हैं और 6 श्रीराम सेना के हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.