जबलपुर। भू-माफिया के कब्जे से सरकारी जमीन मुक्त कराने जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान अंतर्गत आज फिर रांझी तहसील के ग्राम पिपरिया में लगभग 2.58 करोड़ रुपए कीमत वाली 86 हजार वर्गफुट जमीन कब्जे से मुक्त करा ली गई। यहां सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने में होने वाले विवाद की संभावनाओं के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस और नगर-निगम के अमले की मौजूदगी में जिला प्रशासन ने कार्रवाई को अंजाम दिया। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी के निर्देश पर तहसीलदार रांझी श्यामनंदन चंदेल के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। प्रशासनिक अमले की इस कार्रवाई में जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया ।
धर्म शास्त्र लॉ यूनिवर्सिटी को थी आवंटित
तहसीलदार रांझी के अनुसार धर्मशास्त्र विधि विश्वविद्यालय को आवंटित की गई खसरा नम्बर 294/1, 294/2, 294/3 की इस भूमि पर अजय पांडे पिता श्रीकृष्ण पांडे निवासी पिपरिया द्वारा करीब पांच से छह वर्ष पूर्व पोल्ट्री फार्म एवं कमरा बना कर कब्जा कर लिया गया था। तहसीलदार के मुताबिक अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई इस भूमि का बाजार मूल्य करीब 2 करोड़ 58 लाख रुपये है। अतिक्रमण हटाने की इस कार्यवाही में सीएसपी रांझी, थाना प्रभारी घमापुर, नायब तहसीलदार आकांक्षा चौरसिया, नगर निगम अतिक्रमण दस्ते के बृजकिशोर तिवारी भी मौजूद थे ।