माढ़ोताल के रैगवां के युवक गए थे मस्ती करने
जबलपुर। दोस्तों के साथ नर्मदा नदी में नहाने गए युवक की तिलवारा घाट में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि माढ़ोताल के समीप रैगवां निवासी अखिलेश कुशवाहा ने तिलवारा के पुराने पुल से दोस्तों के साथ छलांग लगाई, लेकिन वापस नहीं निकला। गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे बाद युवक की लाश बाहर निकाली गई। बताया जाता है कि नर्मदा में स्नान के साथ ही अखिलेश अपने मित्रों के साथ मस्ती कर रहा था और सेल्फी लेने के बाद पुल से छलांग लगाने का खेल खेलने लगा था। तिलवारा पुलिस ने बताया कि 21 वर्षीय अखिलेश अपने चार मित्रों के साथ तिलवाराघाट पर नहाने आया था। चारों दोस्त सेल्फी ले रहे थे और उन्होने कुछ देर बार पुराने पुल से नदी में छलांग लगाई। पानी से निकलकर सभी एक बार फिर पुल पर गए और नीचे कूदे, जिसमें तीन दोस्त बाहर निकल आए और अखिलेश लापता हो गया। चंद पलों में ही उन्हें अखिलेश के डूबने का शक हुआ और उन्होने मदद के लिए पुकार लगाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश की और कुछ देर बाद अखिलेश की लाश को बाहर निकाला गया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।