Type Here to Get Search Results !

विवाह समारोह में नशे में धुत बदमाशों ने की फायरिंग, युवक बचा,पत्नी को लगी गोली

ग्वारीघाट में वारदात, पुरानी बात पर जबरन किया विवाद 

जबलपुर। शादी समारोह में अपने परिवार के साथ गए युवक को नशे में धुत युवकों से बहस करना भारी पड़ गया। नशेड़ियों ने पहले तो युवक को हाथ-घूसों से पीटा और फिर पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। घटना में युवक तो बच गया, लेकिन बीच-बचाव कर रही उसकी पत्नी को गोली लग गई। जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में हुई वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि जिलहरी में रहने वाला अमर अहिरवार अपनी पत्नी आरती अहिरवार व अन्य परिजनों के साथ जिलहरी में ही एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। जहां उसकी मुलाकात मोहल्ले के अरुण अहिरवार और भगत ठाकुर से हुई। दोनों नशे में धुत थे और अमर से पुरानी किसी बात को लेकर तू-तू-मैं-मैं करने लगे। अमर ने बात को टालने का प्रयास किया, लेकिन वे दोनों झगड़े पर ही उतारू थे, इसलिए अमर के हाथ से खाने की प्लेट छुड़ाते हुए दोनों ने उसके साथ हाथ-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। अमर को पिटता देख उसका भाई और पत्नी आरती बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो अरुण ने अपने दोस्त भगत से पिस्टल निकालकर फायरिंग करने कहा। गोली चलते ही अमर नीचे झुक गया और गोली उसकी पत्नी आरती की कमर को चीरते हुए बाहर निकल गई। आरती मौके पर ही बेहोश हो गई, जिसे आनन-फानन में उपचार हेतु निजी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को दबोचने का प्रयास कर रही है।

 भगदड़ मची,दूल्ला-दुल्हन भी सुरक्षित रहने स्टेज से भागे

 गोली की आवाज सुनते ही शादी समारोह में भगदड़ मच गई। सभी लोग यहां-वहां भागने लगे यहां तक कि दूल्हा-दुल्हन तक स्टेज छोड़कर परदे के पीछे छिप गए। इस घटना में खाने की टेबल, टेंट सहित अन्य चीजें बुरी तरह फैल गईं और काफी देर तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि अरुण पहले से ही शादी में अमर के ऊपर हमला करने के मन से आया था और वह काफी देर से कोई न कोई बहान ढूंढ़ रहा था। परिवार साथ होने के कारण अमर ने कई मर्तबा झगड़े को टालने का प्रयास भी किया, लेकिन अंतत: अरुण और भगत का विरोध करने से झगड़ा हो ही गया। पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.