Type Here to Get Search Results !

सिवनी में 2 आदिवासियों को पीट-पीट कर मार डाला, बजरंग दल पर लगा आरोप

गोमांस की मांस तस्करी के शक में हमला, कांग्रेस ने कहा-शिव राज में अत्याचार

 सिवनी। जिले के बरघाट में दो आदिवासियों को पीट-पीट कर मार डालने का मामला सामने आया है। मंगलवार को हुई मॉब लिंचिंग में बजरंग दल पर आरोप है कि भोले-भाले आदिवासियों को गोमांस तस्करी के शक में लाठियों से जमकर पीटा गया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, वहीं एक युवक घायल है। मौत की खबर से गुस्साए ग्रामीणों ने विधायक अजरुन काकोड़िया के नेतृत्व में जबलपुर-नागपुर नेशनल हाईवे पर चकाजाम कर दिया। कांग्रेस का आरोप है कि शिवराज सिंह के राज में आदिवासियों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। 

हाइवे पर धरना, विधायक ने कहा-बजरंग दल कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हो

बरघाट के कुरई थाना अंतर्गत बादल पार चौकी क्षेत्र की इस घटना के बारे में बताया गया कि कुरई के गांव सागर और सिमरिया गांव के 54 वर्षीय धानशाह व 60 वर्षीय संपत बट्टी को कुछ युवकों ने यह कहते हुए लाठियों से पीटा कि वे गौमांस की तस्करी कर रहे हैं। इस घटना में घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजन का आरोप है कि हत्या करने वाले बजरंग दल के कार्यकर्ता हैं। घटना की सूचना मिलने पर बरघाट से कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह काकोड़िया भी कुरई पहुंचे। उन्होंने गुस्साए लोगों के साथ हाईवे पर बैठकर प्रदर्शन किया। विधायक ने आरोप लगाया है कि आरोपी बजरंग दल के कार्यकर्ता हैं,जिन्हें तत्काल गिरफ्तार करना चाहिए। वहीं कुरई थाना प्रभारी गनपत सिंह उइके का कहना है कि मौके से लगभग 12 किलो मांस मिला है। जिसकी जब्ती बनाकर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

कमलनाथ ने तीन विधायकों की कमेटी बनाई

 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सिवनी जिले के आदिवासी ब्लॉक कुरई में दो आदिवासी युवकों की हत्या तथा एक आदिवासी युवक के गंभीर रूप से घायल होने की घटना को दुखद बताया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तीन विधायकों की एक कमेटी गठित की है। यह कमेटी घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिवारों से मिलेगी और घटना की पूरी जानकारी लेकर अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रस्तुत करेगी। कमेटी में विधायक ओंकार सिंह मरकाम,अशोक मर्सकोले, नारायण पट्टा शामिल हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.