वीडियो जारी कर बताई अस्पताल कर्मियों की ज्यादती
भोपाल। बंसल अस्पताल के कर्मचारियों ने पत्रकार गोविंद गुर्जर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसको गंभीर चोटें आईं हैं। बताया जाता है कि गोविंद गुजर्र का परिवार सड़क हादसे में घायल हो गया था और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के स्टाफ ने घायल पत्नी व बच्चों को बंसल अस्पताल में भर्ती कराया था। गोविंद गुजर्र बच्चों को देखने पहुंचे तो अस्पताल कर्मियों ने विवाद करते हुए उनके साथ मारपीट की। पत्रकार हाथ जोड़कर घायल परिवार के पास जाने की मिन्नतें करता रहा, लेकिन कर्मचारियों ने उसपर हमला कर घायल कर दिया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार गोविंद गुजर्र ने वीडियो जारी कर घटनाक्रम बताया और कहा कि शिवराज जी अस्पताल में ये हाल किया है मेरा। आपने मेरे बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया, आपका शुक्रिया, लेकिन यहां मुङो जानवरों की तरह पीटा गया, मेरे पास शब्द नहीं हैं।
पत्रकारों का प्रदर्शन, गृहमंत्री ने दिए जांच के आदेश
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग बंसल अस्पताल के सामने जमा हो गए। लोगों के साथ वहां पहुंचे पत्रकारों ने सड़क पर चकाजाम कर दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कई मरीजों के परिजनों ने बताया कि बंसल अस्पताल में आए दिन कर्मचारियों द्वारा मरीज व उनके परिजनों से मारपीट की जाती है, शिकायत करने पर कार्रवाई नहीं होती। घटना के बाद मध्य प्रदेश बीजेपी के मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने ट्वीट कर कहा कि राजधानी के वरिष्ठ पत्रकार गोविंद गुर्जर के साथ जो घटना हुई है, उसे गंभीरता से लिया गया है। मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने घटना के बारे में जानकारी जुटाने और जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे।
