कमलनाथ जुटे मिशन-2023 में, संगठन को बूथ स्तर तक करेंगे सक्रिय
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने संगठन में कसावट लाने जिला इकाईयों में पदाधिकारियों की सक्रियता का पैमाना तय करते हुए मिशन 2023 के तहत बूथ स्तर तक माइक्रो मैनेजमेंट के प्लान पर काम शुरू किया है। इसके चलते वह अब बूथ स्तर तक अपना मैनेजमेंट पहुंचाने और बूथ स्तर तक की जानकारी से प्रदेश कांग्रेस को अपडेट करवाने की मुहिम में कांग्रेस जुट गई है। पीसीसी ने तय किया है कि माइक्रो मैनेजमेंट के तहत प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में सहप्रभारी बनाए जाएंगे जो जिला प्रभारियों के साथ काम करेंगे और बूथ व मंडलम प्रभारियों की रिपोर्ट पीसीसी तक आएगी।
हर क्षेत्र में जाएंगे सह प्रभारी, देखेंगे बूथ व मंडलम का काम
पीसीसी द्वारा नियुक्त सहप्रभारी हर जिले के प्रभारियों के साथ काम करेंगे। जिला प्रभारियों को हर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक सहप्रभारी मिलेगा। सहप्रभारी मंडलम, सेक्टर से लेकर बूथ स्तर तक की बैठक करेंगे। सह प्रभारियों की सूची लगभग तैयार कर ली गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की हरी झंडी मिलते ही इसे जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद इन्हें क्षेत्रों में भेजा जाएगा। इससे पहले इन्हें बताया जाएगा कि विधानसभा क्षेत्रों में किन-किन बिंदुओं पर सबसे ज्यादा फोकस करना है। बताया जाता है कि सहप्रभारियों की जिम्मेदारी जिले की सैकेंड लीडरशिप वाले नेताओं को दी जाएगी, लेकिन स्वयं के जिले के विधानसभा क्षेत्र का सहप्रभारी किसी को नहीं बनाया जाएगा। उन्हें दूसरे जिले के विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए जिलों से सहप्रभारियों के लिए नाम बुलाए गए थे, अब जल्द ही इन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाने वाली है।
मंडलम-सेक्टर का दायरा कम, जल्द होगी सहप्रभारियों की बैठक
इस बार कांग्रेस ने सेक्टर और मंडलम के क्षेत्र को भी छोटे कर माइक्रो मैनेजमेंट की तैयारी पहले से ही कर रखी थी। सेक्टर और मंडलम की संख्या बढ़ाकर और उनका एरिया कम कर पार्टी ने ऐसा किया है। नए बनाए गए सेक्टर और मंडलमों में कार्यकारिणी से चुनाव तक कैसे काम लिया जाए, बूथ कमेटियों को अभी से कैसे एक्टिव किया जाए, यह जिम्मेदारी देकर सह प्रभारियों को क्षेत्रों में भेजा जाएगा। पीसीसी चीफ कमलनाथ जल्द ही सहप्रभारियों की बैठक करेंगे।