प्रदूषण नियंत्रण मंडल का जूनियर साइंसिस्ट निकला करोड़पति, ईओडब्ल्यू का छापा
May 01, 2022
0
सुबह दरवाजा खोलते ही टीम ने परिचय दिया तो गश खाकर गिर पड़ा
सतना। ईओडब्ल्यू की रीवा इकाई ने रविवार की सुबह सतना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जूनियर साइंटिस्ट सुशील मिश्र के घर पर छापा मारकर करोड़ों रुपए की अवैध सम्पत्ति उजागर की है। जूनियर साइंटिस्ट के उसके मारुति नगर स्थित घर से लगभग 30 लाख रुपए नकद और 20 लाख से अधिक के जेवर और भोपाल में एक प्लॉट के कागज मिले हैं। अपने घर पर सुबह-सुबह ईओडब्ल्यू की टीम को देखकर मिश्र गश खाकर गिर पड़े थे। जानकारी के मुताबिक डीजी ईओडब्ल्यू अजय कुमार शर्मा और एसपी ईओडब्ल्यू रीवा के वीरेंद्र जैन के निर्देश पर ईओडब्ल्यू की टीम सुबह 6 बजे सतना के मारुति नगर स्थित वैज्ञानिक के घर पहुंची। दरवाजा खोलने के लिए मिश्र खुद पहुंचे। टीम के अधिकारियों ने परिचय दिया सुशील वहीं गश खाकर गिर पड़े।
करोड़ों की संपत्ति मिली, फार्म हाउस किया सील ................
टीआई मोहित सक्सेना और प्रवीण चतुव्रेदी के नेतृत्व में 25 सदस्यीय टीम ने छापा कार्रवाई की। अब तक घर से ही करोड़ों की संपत्ति मिली है। ईओडब्ल्यू की टीम को छापे में करीब 28 लाख नगद, सतना स्मार्ट सिटी से लगा हुआ 7 एकड़ का फार्म हाउस और 25 लाख रुपये से ज्यादा कीमत के सोने-चांदी के जेवर मिले हैं। सोने-चांदी के जेवरों के कीमत का आंकलन करने के लिए ज्वेलर्स को बुलाया गया है। जिले में अलग-अलग आठ जगहों पर जमीनों के भी दस्तावेज मिले हैं। फार्म हाउस को सील कर दिया गया है, अभी वहां पर छापे की कार्यवाही नहीं की गई है। घर पर छापा पूरा होने के बाद ईओडब्ल्यू की टीम फार्म हाउस पहुंचेगी और यहां की तलाशी लेगी।
20 साल से एक ही जिले में पदस्थ, पहले कैमिस्ट बने ...............
मिश्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में बतौर कैमिस्ट पदस्थ हुए थे। करीब दो साल पहले वे जूनियर साइंटिस्ट बने। उनके दो बेटे हैं, दोनों ही ठेकेदारी करते हैं। एक बहू सतना में ही पटवारी है। घर से अभी तीन बैंकों में खाते मिले हैं। पोस्ट ऑफिस में भी निवेश करने के दस्तावेज ईओडब्ल्यू के हाथ लगे हैं।
Tags