Type Here to Get Search Results !

9 वीं की परीक्षा में फेल छात्रा ने खुद को आग लगाई,दर्दनाक मौत से परिवार सन्न

माढ़ोताल में 14 वर्षीय शिवानी ने उठाया आत्मघाती कदम 

जबलपुर। माढ़ोताल के ग्राम सूखा में रहने वाली एक छात्रा और उसके परिवार पर नवमीं कक्षा का रिजल्ट दुखों का पहाड़ बनकर टूटा। परीक्षा में असफलता हाथ लगने पर छात्र ने आत्मदाह कर लिया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार तो सदमें में है ही, पूरे गांव में भी शोक की लहर है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

 डिप्रेशन में आने पर परिजनों ने समझाइश भी दी थी

 जानकारी के मुताबिक सूखा गांव में रहने वाली 14 वर्षीय शिवानी अहिरवार अपने घर क ी बहुत होनहार लड़की थी। जिसने इस वर्ष नवमीं की परीक्षा दी थी। कल रिजल्ट लेने जाने से पहले शिवानी सहित उसका पूरा परिवार बेहद उत्साहित था, लेकिन जैसे ही शिवानी ने स्कूल जाकर अपना रिजल्ट देखा और खुद के रोल नंबर के आगे फेल लिखा देख तो वह डिप्रेशन में चली गई। परिजन जैसे-तैसे उसे घर लाए और समझाइश देकर संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह पूरी रात रोती रही। परसों की रात और कल का दिन तो जैसे-तैसे कट गया, लेकिन बीती शाम जैसे ही परिजन यहां-वहां हुए शिवानी ने घर पर रखा कैरोसिन उड़ेलकर खुद को आग लगा दी। परिजन उसे बुरी तरह झुलसा हुआ लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 परिजनों ने सोचा नहीं था कि शिवानी ऐसा कदम उठाएगी

 शिवानी की मौत के बाद उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक रिजल्ट आने के बाद से शिवानी बहुत दुखी थी और वह बार-बार यह कहकर रो रही थी कि उसे अब नहीं जीना। परिजनों ने उसे समझाइश तो दी, लेकिन उन्हें इस बात का अंदेशा नहीं था कि वह आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठा लेगी। पुलिस परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर अन्य बिंदुओं पर जांच कर आत्महत्या के विस्तृत कारणों का भी पता कर रही है। बताया जा रहा है कि शिवानी का रिजल्ट तो पहले आ गया था, लेकिन वह किन्हीं कारण वश रिजल्ट लेने नहीं जा पाई, कल जब वह स्कूल पहुंची तो मार्कशीट हाथ में आने के बाद उसके होश उड़ गए। 

धनवंतरि नगर की आर्या की हालत स्थिर

बता दें कि परसों रात धनवंतरी नगर में रहने वाली आर्या कुररिया ने भी 12 वीं कक्षा में 80 प्रतिशत नंबर आने के बाद भी फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। परिजनों की तत्परता से उसे समय पर फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है और हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.