Type Here to Get Search Results !

स्कार्पियो ने मासूम को कुचला, पुलिस आरक्षक ने रिश्तेदारी निभाई तो हुआ लाइन अटैच

चरगवां बंबाबारी बस्ती के समीप हादसा 

जबलपुर। तेज रफ्तार से भाग रही स्कार्पियो के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए 4 साल के मासूम को कुचल दिया। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होने के बाद परिजन आरोपी वाहन चालक को पकड़कर थाना ले जा रहे थे, तभी चरगवां थाना में पदस्थ आरक्षक प्रदीप पटेल मौके पर पहुंच गया। आरक्षक प्रदीप पटेल ने चालक से रिश्तेदारी निभाते हुए मासूम बच्चे के दादा धरमू मेहरा से हाथापाई कर दी, जिसके बाद परिजन सहित बस्ती के लोग भड़क गए। बताया जाता है कि स्कार्पियो का चालक अनिल पटेल और आरक्षक प्रदीप पटेल आपस में रिश्तेदार हैं। आरक्षक प्रदीप पटेल बेवजह आरोपी चालक का पक्ष ले रहा था। मृतक बच्चे आयुष के दादा के साथ हुई अभद्रता के बाद भड़के लोगों ने पुलिस आरक्षक पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए धरना-प्रदर्शन करने की बात कही थी। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए आरक्षक प्रदीप पटेल द्वारा की गई अनुशासनहीता को देखते हुए उसे लाइन अटैच कर दिया गया है। गौरतलब है कि चरगवां बंबाबारी बस्ती के पास स्कार्पियो क्रमांक एमपी 20 सीजी 5496 के चालक अनिल पटेल ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए 4 साल के आयुष को टक्कर मार दी थी। हादसे में मासूम आयुष की मौत हो गई थी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.