पमरे ने जारी किया शेड्यूल, आज से आरक्षण प्रारंभ
जबलपुर। महाकोशल-विंध्य क्षेत्र में दो दशक से लंबित रीवा-मुंबई ट्रेन चलाने की मांग रेलवे बोर्ड ने स्वीकार कर ली है। पश्चिम मध्य रेल जोन से मिली जानकारी के अनुसार रीवा-मुंबई (छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस)सीएसएमटी तक समर स्टेशल ट्रेन चलाने के आदेश जारी हो गए हैं। बताया जाता है कि पहले चरण में समर स्टेशल ट्रेन 10-10 फेरे लगाएगी। रीवा-मुंबई ट्रेन गुरु वार की शाम रीवा से रवाना होकर शुक्र वार की दोपहर मुंबई पहुंचेगी। फिर मुंबई सीएसएमटी से एक घंटे बाद रीवा के लिए प्रस्थान कर 20 घंटे बाद शनिवार को पुन: रीवा पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और शयनयान श्रेणी को मिलकार कुल 844 बर्थ होंगी। साथ ही 6 डिब्बे सामान्य श्रेणी के लगाए गए हैं, जो तीन आगे की तरफ और तीन पीछे की तरफ लगाए जाएंगे।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
पश्चिम मध्य रेल के सीपीआरओ राहुल जयपुरिया ने बताया कि रीवा समर स्टेशल ट्रेन रास्ते में दोनों तरफ सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, हरदा, खण्डवा, भुसावल, मनमाड, नासिक रोड, कल्याण एवं दादर स्टेशनों पर रु केगी। समर स्पेशल ट्रेन की आरक्षण बुकिंग आज 26 अप्रैल सुबह 8 बजे से प्रारंभ हो गई है। रीवा से मुंबई की ओर ट्रेन का समय गाड़ी संख्या 02187 रीवा से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट समर स्पेशल ट्रेन प्रत्येक गुरु वार को 28 अप्रैल 2022 से 30 जून 2022 तक चलाई जा रही है। यह ट्रेन रीवा स्टेशन से शाम 16:00 बजे प्रारम्भ होकर सतना 16:55 बजे, मैहर 17:25 बजे, कटनी 18:15 बजे, जबलपुर 19:40 बजे, नरसिंहपुर 20:48 बजे, गाडरवारा 21:18 बजे, पिपरिया 21:53 बजे, इटारसी 23:20 बजे और अगले दिन हरदा 00:22 बजे पहुंचकर भुसावल 04:00 बजे होते हुए और 12:20 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचेगी।
वापसी में मुंबई से रीवा के लिए होगी रवाना
इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 02188 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से रीवा स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शुक्र वार को 29 अप्रैल से 1 जुलाई 2022 तक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन से 13:30 बजे प्रारंभ होकर भुसावल 20:20 बजे पहुंचकर अगले दिन हरदा 00:03 बजे, इटारसी 01:30 बजे, पिपरिया 02:38 बजे, गाडरवारा 03:08 बजे, नरसिंहपुर 03:48 बजे, जबलपुर 05:00 बजे, कटनी 06:25 बजे, मैहर 07:12 बजे, सतना 07:50 बजे और रात 08:55 बजे रीवा स्टेशन पहुंचाएगी।