गोरखपुर पुलिस ने 4 सूदखोंरों के खिलाफ दर्ज किया प्रकरण
जबलपुर। गोरखपुर स्थित पुलिस क्वार्टर में रहने वाले पुलिस कर्मी के बेटे ने सूदखोरों से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किया। अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले चार सूदखोरों ने उसका जीवन दूभर कर दिया था और आए दिन उसे जान से मारने की धमकी देते थे, जिससे वह इतना डर गया कि उसने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने सूदखोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गोरखपुर पुलिस ने बताया कि थानाक्षेत्र स्थित पुलिस क्वार्टर में रहने वाले 25 वर्षीय सौरभ सिंगौतिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई, कि कुछ समय पूर्व उसने प्रदीप जैन से 5 लाख, हर्ष सेन से 6 लाख, जयंत से 3 लाख और आरिफ से डेढ़ लाख रुपए ब्याज पर उधार लिए थे। वह धीरे-धीरे सभी के रुपए ब्याज सहित वापस कर रहा था, लेकिन चारों अचानक उसे प्रताड़ित करने लगे। दिन-रात सूदखोर उसे कॉल करके कहते कि यदि जल्द से जल्द कर्जा नहीं दिया तो तुम्हारे पिता की नौकरी खा जाएंगे और तुम्हें जान से मार देंगे। सूदखोरों की इस धमकी से सौरभ बुरी तरह डर गया और उसने घर में रखा कोई जहरीला पाउडर खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी, परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसे होश आ गया। जिसके बाद सौरभ ने पुलिस को दिए बयान में चारों के नाम लेते हुए उन पर कार्रवाई की गुहार लगाई। बता दें कि सौरभ के पिता शिवकुमार सिंगौतिया पुलिस विभाग में हैं और शहर के एक थाने में पदस्थ हैं।
