बुजुर्ग को घर लेकर पहुंची पुलिस ने कराई सास-बहू में सुलह
जबलपुर। परिवार में बहू के साथ आए दिन होने वाले विवाद से तंग आकर एक महिला ने आत्महत्या करने हनुमानताल में छलांग लगा दी। तालाब के सूनसान क्षेत्र से छपाक की आवाज सुनते ही वहां बाइक से गश्त पर निकले पुलिस के आरक्षकों का ध्यान उस ओर गया। पलक झपकते ही दोनों पुलिस कर्मियों ने बुजुर्ग महिला को डूबने से बचा लिया। पुलिस कर्मियों के मुताबिक तालाब में कूदने के बाद बाहर निकालने बाद 65 वर्षीय महिला शकुन ने होश में आते ही पुलिस कर्मियों से बोली कि ‘साहब क्यों बचा लिया, मर जाने देते मुझको।’ आरक्षकों ने पूछा कि आपको क्या तकलीफ है आप बताइए। हम आपकी हरसंभव मदद करेंगे। महिला ने बताया कि बहू के रोज-रोज के झगड़ों से परेशान हूं। थाना पहुंचने के बाद आरक्षक उस बुजुर्ग महिला को उसके घर लेकर पहुंचे और बातचीत की। समझाइश के बाद बहू ने माफी मांगते हुए कहा कि दोबारा कभी झगड़ा नहीं करेंगे। बहू द्वारा माफी मांगने के बाद सास ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया। जान जोखिम में डालकर बुजुर्ग महिला की जान बचाने वाले दोनों प्रधान आरक्षकों को एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है।