मझगवां के कुम्ही सतधारा के पास मिली खून से सनी लाश
जबलपुर। मझगवां थाना क्षेत्र के कुम्ही सतधारा के पास सड़क किनारे सुबह एक युवक की रक्तरंजित लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पत्थर पटककर युवक की हत्या होने की सूचना पर एसडीओपी भावना मरावी, थाना प्रभारी मझगवां लोकमन अहिरवार सहित एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। प्राथमिक पूछताछ के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान देवरी निवासी आशीष के रूप में की है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
बाइक से निकला था, देर रात तक घर नहीं लौटा
एसडीओपी सिहोरा भावना मरावी ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में मृतक आशीष चौधरी 30 साल निवासी देवरी के परिजनों ने बताया कि आशीष शनिवार की शाम घर से अपनी बाइक क्रमांक एमपी 20 एमएस 0206 से निकला था। देर रात तक घर वापस न आने पर पिता नरोत्तम चौधरी सहित अन्य लोग उसकी खोजबीन में जुटे थे। मृतक आशीष का मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा था। सुबह देवरी गांव से कुछ दूर कुम्ही गांव के पास सड़क किनारे आशीष की लाश और बाइक मिली। पुलिस के मुताबिक प्रथम द्वष्टया पत्थर पटककर हत्या करना प्रतीत हो रहा है। पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आशीष को घर से बुलाकर योजना के तहत उसकी हत्या की है।
पुलिस ने कई संदिग्धों से शुरू की पूछताछ
पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए देवरी एवं कुम्ही गांव में पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक आशीष के साथ कौन-कौन रहता था, किससे उसका विवाद या रंजिश थी, इसका पता लगाया जा रहा है। पूछताछ में पुलिस को कुछ अहम जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जहां आशीष की हत्या हुई है, वहां से कुछ दूरी पर देशी शराब दुकान है। मौके पर चर्चा रही कि शराब पीने के बाद कुछ लोगों का आपस में विवाद हुआ था। संभवत: उसी विवाद के चलते आशीष की हत्या की गई है। पुलिस पूछताछ लिए शराब दुकान पहुंची है। इस मामले में कई लोगों से पूछताछ कर पुलिस प्रकरण का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।