Type Here to Get Search Results !

नगर निगम सदन में ‘प्यार’ की बात से शुरुआत फिर शुरू हो गया ‘टकराव’

मेयर अन्नू सिंह बोले- छोड़कर सब रास्ते टकरार के,

 आइए हम दीप जलाएं प्यार के

जबलपुर। लंबे अरसे बाद नई नगर सरकार की पहली सदन की बैठक में मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने अपनी बात प्यार से शुरू की, लेकिन कुछ ही देर बाद बैठक में मुद्दों पर टकराव हो गया। नगर निगम के पंडित भवानी प्रसाद तिवारी सभाकक्ष में आहूत धारा-30 की बैठक का शुरूआती पहला घंटा तो श्रृद्धांजलि और परिचय में गुजर गया। फिर बैठक की शुरूआत में मेयर अन्नू सिंह ने वक्तव्य से स्पष्ट कर दिया कि वे शहर विकास के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करेंगे। उन्होंने सदस्यों से सदन और अध्यक्ष की आसंदी की गरिमा बनाए रखने का भी आव्हान करते हुए अंत में सभी को एकजुट करने के लिए कहा ‘‘छोड़कर सब रास्ते टकरार के ,आइए हम दीप जलाएं प्यार के’’। इसके बाद उनके इस नर्म रवैए के बावजूद भी विपक्ष ने तेवर दिखाना नहीं छोड़ा।

 कमलेश अग्रवाल ने पूछा,चुनाव के बाद पानी गिरा तो कहां थे

 विपक्ष की ओर से भाजपा पार्षद कमलेश अग्रवाल ने कहा कि एक ओर मेयर सभी को साथ लेकर चलने की बात कह रहे हैं ,लेकिन चुनाव के दो माह बीत जाने के बाद भी उन्होंने भाजपा के किसी पार्षद को बुलाकर चर्चा तक नहीं की। उन्होंने कहा कि भाजपा को विपक्ष में रहने का अनुभव है, इसलिए सत्तापक्ष ध्यान रखे कि हम विकास में तो पूरा सहयोग करेंगे,लेकिन यदि कहीं हमें दरकिनार किया गया तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पहले ही दिन मेयर पर निशाना साधा कि चुनाव के पूर्व पानी गिरा तो मेयर ने गली मोहल्लों में जाकर स्थिति का जायजा लिया, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जब बारिश हुई तो वे नहीं दिखे। कमलेश ने कहा कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए गए उन्हें भी मेयर न भूलें। बैठक के प्रारंभ में मेयर व नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज सहित सभी पार्षदों ने जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती, श्यामदेवाचार्य, स्वर कोकिला लता मंगेशकर, पूर्व पार्षद दुर्गा पटेल, धर्मेद्र सोनकर, रीना राजपूत सहित अन्य दिवंगतों को श्रृद्धांजलि दी। इसके बाद सभी पार्षदों ने बारी-बारी अपना परिचय भी दिया। 

एक तरफ सदन की बैठक, दूसरी तरफ कर्मचारियों की हड़ताल

 एक तरफ नई नगर सरकार की सदन में पहली बैठक थी तो दूसरी ओर तकनीकी अधिकारी कर्मचारी संघ ने नगर निगम आयुक्त पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए आज कामबंद हड़ताल कर दी। जहां सदन के अंदर बैठक चल रही थी तो वहीं दूसरी ओर कर्मचारी नगर निगम में चक्कर लगाकर नारेबाजी कर रहे थे। कर्मचारी नेता राम दुबे, कपिल दुबे व अन्य ने कहा कि निगमायुक्त कर्मचारियों को बेवजह प्रताड़ित कर रहे हैं, इसलिए हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक उनका तबादला नहीं होता। इसके अतिरिक्त भी कर्मचारियों की कई मांगे हैं जिनका पूरा न होने पर आक्रोश पनप रहा है। सदन की बैठक चलने के दौरान कर्मचारियों की हड़ताल चलती रही।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.