खुले हुए गेटों की ऊंचाई फिर बढ़ाई ,नर्मदा उफान पर
जबलपुर। बरगी डेम का जल स्तर खतरे के निशान पर है, पहली बार ऐसा हुआ है कि डेम के गेट 39 दिन से लगातार खुले हैं और 15 अगस्त को खुलने के बाद लगातार नर्मदा में पानी रिजीज किया जा रहा है। गुरुवार को डेम के खुले हुए 9 गेटों की हाईट और बढ़ाना पड़ी है। दरअसल, कैचमेंट एरिया में गिर रहे पानी के चलते मात्र एक दिन में एक इंच से ज्यादा पानी गिर जाने और लगातार जारी बारिश के चलते यह स्थिति बन गई है। इसके चलते शासन-प्रशासन द्वारा नर्मदा के सभी तटीय इलाकों को अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि अलर्ट पहले से जारी है, लेकिन खुले गेटों की हाइट बढ़ाने से नर्मदा उफान पर है इसलिए पुन: चेताया गया है। बरगी डेम इस समय अपने पूर्ण भराव के स्तर यानि 422.76 मीटर से ऊपर हो 422.90 को पार कर गया है। लबालब हो गए डेम को खाली करने प्रशासन ने तत्काल ही आज खुले हुए गेटों की हाईट बढ़ाने का निर्णय लिया है। आज दोपहर 12 बजे खुले हुए सभी 9 गेटों की हाईट बढ़ा दी गई है। इसके मुताबिक अभी तक खुले हुए गेटों की ऊंचाई जो कि 0.5 मीटर थी उसे बढ़ा कर 5.88 मीटर कर दिया गया है। वर्तमान में डेम के खुले हुए गेटों से 711 क्यूमिक मीटर पानी प्रति सेकंड छोड़ा जा रहा है। उधर,पावर हाउस से भी 186 क्यूमिक मीटर पानी प्रति सेकंड छूट रहा है। इस लिहाज से दोनों निकासी को मिला कर लगभग 897 क्यूमिक मीटर पानी प्रति सेकंड छूट रहा है। बरगी डेम के कार्यपालन यंत्री अजय सूरे के मुताबिक पानी गिरने के हिसाब से ही आगे निर्णय लिया जाएगा।
