जबलपुर। दिनभर शहर में ऑटो चलाकर ‘सूने मकान की रैकी’ करने वाले शातिर चोर को गढ़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए चोर ने गोरखपुर थाना क्षेत्र की 4 चोरी, मदनमहल, लार्डगंज और गढ़ा थाना क्षेत्र की 1-1 चोरियां कबूल की हैं। चोर की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर सहित करीब 11 लाख रुपए कीमत का सामान जब्त किया है। पूर्व में हुईं इन सभी 7 चोरियों में संबंधित थानों की पुलिस 457, 380 का प्रकरण दर्ज चोर की खोजबीन में जुटी हुई थी। नकबजनी का खुलासा करने में पुलिस के साथ डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट एवं एफएसएल टीम की भूमिका अहम रही है। चोरियों की पड़ताल के लिए एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने एएसपी संजय अग्रवाल, सीएसपी गढ़ा तुषार सिंह, टीआई गढ़ा राकेश तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की थी। नकबजनी का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 20 अगस्त को रमाकांत नेमा ने पुलिस को बताया कि वह परिवार सहित वैष्णोदेवी गया था, वापस आया तो देखा कि घर का ताला टूटा मिला। चोर आलमारी से लाखों के सोने के जेवरात एवं 50 हजार रुपए नगद ले गए। 2 दिन पहले पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में चोरी करने की फिराक में घूम रहा है। गढ़ा पुलिस घेराबंदी कर संदेह के आधार पर उसे थाना लेकर आई। पूछताछ में संदेही ने शहरी क्षेत्र में आधा दर्जन चोरी करना कबूल किया। पकड़े गए चोर खेम सिंह उर्फ संजय मरावी निवासी ग्राम मझगांव पोस्ट रैपुरा जिला डिंडौरी, हाल पता कालीमठ मंदिर के पास ने बताया कि उसने थाना क्षेत्र गढ़ा, गोरखपुर, मदनमहल तथा लार्डगंज के क्षेत्र में ऑटो चलाता था और इन्ही क्षेत्र के घरों में रेकी कर चोरी करता था।
इन चोरियों का हुआ खुलासा, एसप बोले-पुरस्कृत होगी टीम
1. थाना गोरखपुर क्षेत्र में करीब 20 माह पहले हाथीताल कालोनी में हुई चोरी का खुलासा हुआ है। 2. हाथीताल कॉलोनी के पुराने पोस्ट आफिस के पास से एक सूने मकान में करीब 14-15 माह पहले हुई चोरी का खुलासा। 3. थाना गोरखपुर क्षेत्र में ही करीब 2 माह पहले पंजाबी बरात घर के पास में हुई चोरी का खुलासा। 4. करीब 10 माह पहले मदनमहल क्षेत्र में शुक्ला नगर के एक सूने मकान चोरी। 5. करीब 9 माह पहले लार्डगंज क्षेत्र में रानीताल तालाब के किनारे एक सूने मकान से चोरी। 6. थाना गोरखपुर क्षेत्र के राम मंदिर के पास हुई चोरी। 7. करीब एक माह पहले गंगासागर तालाब के पास एलआईसी कॉलोनी दुर्गा मंदिर थाना गढ़ा में हुई चोरी का खुलासा किया गया है। चोरी का खुलासा करने में टीआई गढ़ा राकेश तिवारी, एसआई बृजेंद्र तिवारी, मदन सिंह मरावी, विजय शुक्ला, राजेश शुक्ला, प्रशांत शुक्ला, सचिन मेहरा, संतोष जाट, रामेश्वर मिश्र, शंकर पांडे, अजय यादव सहित अन्य की सराहनीय भूमिका रही है। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

