महगवां रोड पर पड़ा था खून से लथपथ, पुलिस कर रही हमलावर की तलाश
जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के सिहोरा गांव में शुक्रवार की सुबह पशुपालक किसान की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। 30 वर्षीय परमलाल सिहोरा- महगवां रोड स्थित एक खेत में खून से लथपथ पड़ा था, जिसे देख एक राहगीर ने गांव वालों को सूचना दी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि सिहोरा में रहने वाला परमलाल पटेल खेती-किसानी और पशुपालन कर अपना और अपने परिजनों का जीवन यापन करता था। आज सुबह 6.30 से 7 बजे के बीच परमलाल रोजाना की तरह गाय चराने खेत की तरफ निकला, लेकिन निर्धारित समय तक घर वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी राह तक रहे थे तभी गांव के एक व्यक्ति ने परमलाल को सिहोरा-महगवां रोड पर स्थित एक खेत में अचेत हालत में खून से लथपथ हालत में भी देखा और तत्काल परिजनों सहित गांव के अन्य लोगों को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो परमलाल के चेहरे, सिर और हाथ में गंभीर चोट के निशान थे। अनुमान लगाया गया कि किसी ने धारदार हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतारा दिया। पुलिस ने परिजनों सहित गांव के अन्य लोगों से पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि परमलाल का किसी से कोई विवाद था या नहीं।