हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज, आरोपियों की तलाश
जबलपुर। पनागर थानांतर्गत ग्राम मोहनिया में पंचायत चुनाव की रंजिश भुनाने बदमाशों ने सरपंच को चाकू से गोद दिया। घटना में सरपंच को गंभीर चोटें आईं और उसे लहुलुहान हालत में जबलपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम पंचायत मोहनिया के सरपंच 54 वर्षीय अमरनाथ दुबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती शाम 6.45 बजे वह गांव के ही दुर्गा मंदिर में कुछ अन्य लोगों के साथ बैठा था। उसी दौरान बाइक से वहां अंकित पटेल, कपिल पटेल, मोहन पटेल, सत्यम उर्फ करिया पटेल पहुंचे और मंदिर के बाहर खड़े होकर सरपंच को गाली देने लगे। गाली-गलौज की आवाज सुनकर सरपंच अमरनाथ जैसे ही बाहर निकला तो सभी ने मिलकर उसे पकड़ लिया और उनमें से एक युवक ने जेब से चाकू निकालकर सीने और पेट में दनादन वार कर दिए। सरपंच के ऊपर हमला होता देख कुछ ग्रामीण उसे बचाने के लिए दौड़े तब बदमाश उसे नीचे पटककर भाग निकले। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अमरनाथ को लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पंचायत चुनाव के दौरान अमरनाथ और पटेल समाज के बीच कोई विवाद हुआ था, जिसे भुनाने के लिए बीती शाम बदमाशों ने हत्या करने की नीयत से उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
