पिपरिया-बनियाखेड़ा में कार्रवाई, एसडीएम ने जारी किया अहस्तांतरणीय आदेश
जबलपुर। जिला प्रशासन की एंटी माफिया सेल ने खजरी खिरिया क्षेत्र में बन रही अवैध कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारियों ने बालकिशन व रामलाल द्वारा किए जा रहे निर्माण पर बुल्डोजर चलाकर कार्रवाई की। लगातार कार्रवाई कर रहे जिला प्रशासन की टीम द्वारा शनिवार की सुबह से की जा रही कार्रवाई से एक बार फिर अवैध अतिक्रमणकारियों में हड़कम्प मच गया। वहीं विवाद की आशंका को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर नगर-निगम दस्ते द्वारा अपर कलेक्टर नम: शिवाय अरजरिया की उपस्थिति में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान एसडीएम जबलपुर पीके सेनगुप्ता, तहसीलदार जबलपुर, अधारताल थाना प्रभारी शैलेष मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा यहां की जा रही अवैध प्लॉटिंग से लेकर बनाई गई नाली-पुलिया तक तोड़ दी गई है। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों और उनके समर्थकों द्वारा विवाद भी किया गया, लेकिन पुलिस-प्रशासन की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली।
अधिकारियों को नहीं दिखा सके अनुमति या दस्तावेज
कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी के मार्गदर्शन और एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशन में लगातार प्रशासन भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में पिपरिया बनियाखेड़ा में अवैध कॉलोनी पर बुल्डोजर चलाया गया। बताया जा रहा है कि कल ही कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया था। इसके चलते एसडीएम जबलपुर पीके सेनगुप्ता के निर्देशन में पनागर तहसील के ग्राम पिपरिया बनियाखेड़ा और जबलपुर तहसील अंतर्गत ग्राम खजरी खिरिया और जबलपुर तहसील अंतर्गत ग्राम सिवनी में भी इस कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है। यहां बालकिशन और रामलाल नामक व्यक्तियों द्वारा बिना कोई दस्तावेज दिखाए यह कार्य कराए जा रहे थे। जांच करने में न तो डायवर्शन मिला, न ही कॉलोनाईजर लायसेंस पेश कर सके और न ही विकास संबंधित कोई अनुमति बताई जा सकी। इस पर कलेक्टर के आदेश पर इस गोरखधंधे की पुलिस में एफआईआर भी कराई जा रही है। साथ ही प्रशासन ने उक्त जमीनों को अहस्तांतरणीय कर दिया है।
