गोरखपुर थाने में एफआईआर, पुलिस ने दबोचे दो आरोपी
जबलपुर। कभी कांग्रेस की राजनीति में लाइम लाइट में रहने वाले और वर्तमान में रसोई गैस एजेंसी चलाने वाले नेता जगदीश सैनी को कोरियर बॉय बनकर आए दो युवकों ने पत्र दिया जिसमें धमकी दी थी कि यदि 20 लाख रुपए नहीं दिए तो बेटे गौरव की गोली मारकर हत्या कर दी जाएगी। कांग्रेस नेता सैनी ने गोरखपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जगदीश सैनी को मिले पत्र में लिखा गया था कि वे अंडरवर्ल्ड से हैं और तुमने बहुत पैसा कमा लिया है। यदि 20 लाख रुपए नहीं दिए तो छोटे बेटे गौरव को गोली मार देंगे और बेटे की मौत के जिम्मेदार आप स्वयं होगे। पत्र में ये भी लिखा कि हम जिससे एक बार फिरौती ले लेते हैं उसे दोबारा परेशान नहीं करते। इसमें कोई होशियारी न करने और पुलिस को सूचना न देने की चेतावनी भी लिखी गई।
गैस एजेंसी में काम करने वाले निकले धमकीबाज
कांग्रेस नेता के रामपुर आदर्श नगर स्थित निवास पर मिले पत्र के बाद उन्होने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। गोरखपुर पुलिस ने मुंह ढांककर आए युवकों की हुलिया के आधार पर तलाश शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें सफलता मिल गई और सैनी की गैस एजेंसी में काम करने वाले अजीत बैन और उसके साथी शिव बैन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी मांडवा बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
