बरगी के कालादेही में हादसा, अस्पताल में कराया भर्ती
जबलपुर। बरगी थानार्न्तगत कालादेही में तेज रफ्तार ट्रक पलट गया और ट्रक के अंदर ड्राइवर बुरी तरह फंस गया। जिंदगी और मौत से जूझ रहे घायल ड्राइवर ने बचाव के लिए डायल-100 में कॉल किया गया तो एफआरवी सहित पुलिस 5 मिनट में घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को बड़ी मुश्किल से बाहर निकालते हुए उपचार के लिए अस्पताल भेजा। कालादेही में दुर्घटना ग्रस्त वाहन क्रमांक आरजे 02 जीबी 5320 के अंदर फंसे ड्राइवर की सूचना मिलने के बाद डायल-100 में एएसआई सुरेश तिवारी, आरक्षक विशाल श्रीवास्तव एवं पायलट पवन बर्मन मौके पर पहुंचे। वायरलेस सेट पर मिली सूचना के बाद गश्त कर रहे गोहलपुर सीएसपी अखिलेश गौर सहित देहात क्षेत्र की संभागीय गश्त की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने ट्रक के अंदर फंसे चालक को 20 मिनट में बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।