पुलिस अधिकारियों के साथ अपराधों की समीक्षा, जबलपुर पुलिस को दी शाबाशी
जबलपुर। देश व प्रदेश में पीएफआई के खिलाफ एनआईए द्वारा की गई छापेमारी पर राज्य के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कि भाजपा सरकार की सोच साफ है कि मुसलमानों से बैर नहीं,आतंकी की खैर नहीं। पत्रकारों से बातचीत में गृह मंत्री ने कहा कि देश विरोधी गतिविधियों के मामले में किसी को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। पीएफआई पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने जैसे गंभीर आरोप हैं। उज्जैन से चार मुस्लिम युवक और इंदौर के तीन युवकों पर कार्रवाई की गई है। यूएपीए की धाराओं के तहत इन पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के आरोप हैं जिन्हे आज कोर्ट में पेश किया जा रहा है। गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि हम तो रहीम और रसखान के उपासक हैं। हमारा किसी धर्म या मजहब से विरोध नहीं है। हमारी संस्कृति वसुधैव कुटुम्बकम की है। इससे पहले गृहमंत्री ने आईजी उमेश जोगा, डीआईजी आरआरएस परिहार व एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा सहित पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराधों की समीक्षा की और जबलपुर पुलिस की कामयाबी पर शाबाशी भी दी।
किस किसान का कर्ज माफ हुआ ,बताएं राहुल-कमलनाथ
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि कांग्रेस बताए कि उसे कहां भारत टूटा दिख रहा है जहां जोड़ने राहुल गांधी निकल रहे हैं। हकीकत यह है कि कांग्रेस डूबता जहाज है जिसकी गुलामी से नबी आजाद हो गए । विधायक पार्टी छोड़ भाग रहे हैं और कांग्रेस में भगदड़ का आलम है और अपना अध्यक्ष तक कांग्रेस नहीं चुन पा रही। इसलिए राहुल गांधी जब मध्यप्रदेश आएं तो उन किसानों को साथ लेकर चलें जिनका दो लाख रुपए कर्ज माफ हुआ है और जिस बेरोजगार को चार हजार रुपए मासिक भत्ता दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर कटाक्ष करते हुए डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि उन्हे पूरे प्रदेश में चुनाव प्रचार करना चाहिए सिर्फ छिंदवाड़ा ही क्यों? निकाय चुनाव में यहां कांग्रेस पहले ही हार चुकी है। गृहमंत्री ने ब्रम्हलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वति को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधायक अशोक रोहाणी, भाजपा महानगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर सहित अनेक भाजपा नेता उपस्थित थे।
