पुलिस ने दो एक्स स्टूडेंट को किया गिरफ्तार, आरोपियों में एक लड़की भी
भोपाल। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की तर्ज पर भोपाल के गोविंदपुरा स्थित आईटीआई में पढ़ने वाली एक लड़की का बाथरूम में वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। आईटीआई से पास आऊट दो स्टूडेंटस ने एक लड़की के साथ मिलकर बाथरूम में कपड़े चेंज करने गई स्टूडेंट का वीडियो बनाया फिर उसे ब्लैकमेल करने लगे। मामला पुलिस थाने जाने के बाद दो आरोपी लड़कों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घबरा कर लड़की बैठी थी स्टेशन पर, पुलिस ने दी समझाइश .........
परिजनों के साथ थाने गई लड़की ने पुलिस को बताया कि संस्थान में विश्वकर्मा जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें उसने भाग लिया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह आईटीआई के वाशरूम गई और कपड़े चेंज किए। इस दौरान एक्स स्टूडेंट राहुल यादव व अयान ने साथी लड़की खुशबू के साथ मिलकर चोरी-छिपे वीडियो बना लिया। इसके बाद तीनों ने लड़की को वीडियो दिखाया जिसमें वह कपड़े चेंज करते दिख रही है। उन्होने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और ऐसा नहीं करने के लिए उससे पैसों की मांग की। चूंकि उसके पास ज्यादा पैसे नहीं थे तो उसने खुशबू को 5 सौ रुपए देकर वीडियो डिलीट करने कहा। फिर इसके बाद उनकी डिमांड बढ़ने लगी और तीनों ने कहा कि रुपए न देने पर वीडियो इंटरनेट पर अपलोड कर दिया जाएगा। डरी-सहमी लड़की घर जाने की बजाय रेलवे स्टेशन पहुंची और कहीं दूर भाग जाने के इरादे से ट्रेन का इंतजार कर रही थी, तभी जीआरपी के दो सिपाहियों ने पूछताछ की तो उसने आपबीती बता दी। मामला वरिष्ठ अधिकारियों को बताने के बाद संबंधित थाने की पुलिस को सौंपा गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
