लड़की ने एचडीएफसी अधिकारी बन कर लगा दिया चूना
जबलपुर। ऑनलाइन जालसाजी से बचने पुलिस अधिकारी और पुलिस की सायबर सेल लोगों को आगाह करती रहती है, लेकिन आमजन जागरूक नहीं होते और ठगों के जाल में फस जाते हैं। अधारताल थानांतर्गत कंचनपुर सनसिटी में रहने वाले एक व्यक्ति को लॉटरी से लाखों रुपए कमाने का लालच करना महंगा पड़ गया। जालसाजों ने ऐसा जाल बिछाया कि वह व्यक्ति लॉटरी के 50 लाख के चक्कर में साढ़े 27 लाख रुपए गंवा बैठा। जीवन भर की पूंजी गंवाने के बाद पीड़ित को समझ आया कि उसके साथ जालसाजी की जा रही है। जिसके बाद उसने थाने पहुंचकर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिना सोचे समङो बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दी रकम
पुलिस ने बताया कि कंचनपुर सनसिटी में रहने वाले 57 वर्षीय रविशंकर तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि नवंबर 2020 में उसके मोबाइल नंबर पर किसी महिला का कॉल आया। जिसमें अपना नाम कविता मिश्र बताते हुए खुद को एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस की अधिकारी बताया। महिला ने रविशंकर से कहा कि आपने उनकी कंपनी से जो पॉलिसी ली हैं उन्हें रिन्यू नहीं कराया इसलिए लैप्स होने वाली है। कविता की बात सुनकर रविशंकर ने उन्हें रिन्यू कराने के लिए हामी भरी और दिए गए खाता नंबर में रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद लगातार कॉल आने लगे और एक बार कॉलर ने उसे कहा कि आपकी 50 लाख की लॉटरी लग गई है ,लेकिन इस रकम के एवज में आपको प्रोसेसिंग फीस देनी होगी। लॉटरी की बात सुनकर रविशंकर बहुत खुश हुआ है और उसने बिना सोचे समङो प्रोसेसिंग फीस के नाम पर कई किश्तों में बताए गए खाता नंबर में 27 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी रविशंकर के खाते में लॉटरी की रकम ट्रांसफर नहीं हुई बल्कि कॉलर उससे और रुपयों की डिमांड करने लगा। समय रहते रविशंकर कॉलर के इरादे भांप गया और उसने थाने पहुंचकर पूरी घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जब रविशंकर द्वारा बताए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया तो वे नंबर स्विच ऑफ आने लगे। रविशंकर की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
