मवेशी चराने गए थे, गाज की चपेट में आ गए
जबलपुर। जिले में विदा लेते मानसून की झड़ी के साथ ही बदले मौसम का कहर जारी है। सिहोरा के समीपी ग्राम पड़रिया कला में सोमवार की दोपहर अचानक तेज गरज चमक के साथ जोरदार बरसात होने लगी। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में घर के मवेशियों को चराने गए तीन लोग आ गए । तत्काल आसपास के लोगों ने 108 एम्बुलेंस को इसकी सूचना दी। जिस पर 108 के ईएमटी दिनेश प्रजापति व पायलट अनिल शर्मा ने उन लोगों को तत्काल सिहोरा सिविल अस्पताल में पहुंचाया। जिनका उपचार जारी है। जानकारी में बताया गया कि उमरियापान रोड स्थित ग्राम पड़रिया कला थाना क्षेत्र खितौला सीमा के अंतर्गत ग्राम निवासी जमन उर्फ बाबू पटैल उम्र 52 वर्षीय, डब्बू कोल उम्र 40 वर्षीय, अतुल पटैल उम्र 24 वर्षीय अपने खेत के समीप घर के मवेशियों को चराने के लिए गए हुए थे। अचानक मौसम में बदलाव हुआ और तेज गरज चमक के साथ कोहा के झाड़ में बिजली आ कर गिरी। जिससे मवेशियों को चराते हुए तीनों लोग इसकी चपेट में आ गए। जिन्हें सिहोरा सिविल अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया गया। जिनका इलाज डॉ सुशांत शर्मा के द्वारा किया जा रहा है।