Type Here to Get Search Results !

छलकने को है बरगी डेम, क्षमता से 18 सेमी. ज्यादा भर गया, नर्मदा तटों पर अलर्ट जारी

अभी 13 गेटों से छोड़ा जा रहा पानी, शाम तक और बढ़ सकती है संख्या

 जबलपुर। संभाग के कई जिलों में बीते 2 दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण बरगी डेम क्षमता से अधिक भर गया है। डेम का पूर्ण जलभराव 422.76 मीटर है, जबकि बुधवार की सुबह डेम में 422. 95 मीटर तक जलभराव हो गया था। यह स्थिति तक बनी जब डेम से 11 गेट खोलकर 2094 घनमीटर पानी प्रति सेकण्ड छोड़ा जा रहा था। डेम से अथाह जलराशि छोड़े जाने के बावजूद कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश ने इसका जलस्तर रातभर में क्षमता से 18 सेमी अधिक कर दिया। कल रात से जमा हो रही जलराशि के बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि यदि और बारिश होती है तो गेटों की संख्या को शाम तक बढ़ा दिया जाएगा। फिलहाल डेम प्रबंधन ने आज सुबह 9 बजे 3 गेट और खोल दिए और पूरे 13 गेटों की हाइट औसतन 1.53 मीटर तक ऊपर की गई है, इससे डेम से प्रति सेकंड 3083 घनमीटर पानी प्रति सेकंड रिलीज हो रहा है। इससे नर्मदा तटों पर बाढ़ के कारण एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने संबंधित थानों को अलर्ट रहने निर्देश दिए हैं, क्योंकि पितृपक्ष के कारण तटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा है। 

 डेम प्रबंधन की कड़ी नजर, अलर्ट जारी

 कार्यपालन यंत्री अजय सूरे ने बताया कि गेटों की संख्या और हाइट बढ़ाने के बाद नर्मदा के जलस्तर में 24 से 26 फीट तक बढ़ोत्तरी हो सकती है। हादसे आशंका के मद्देनजर प्रशासन को तटों-घाटों पर अलर्ट जारी करने का आग्रह किया गया है। बताया जाता है कि कल दोपहर डेम के 8 गेट खोले गए थे। इसके पहले करीब 10 दिनों से 3 गेटों को खोलकर अतिरिक्त जल की निकासी की जा रही थी। कल 8 गेट खोलने के बाद 11 गेटों से छूट रही जलधार से नर्मदा नदी के जलस्तर में 15 से 18 फीट तक की वृद्धि हो गई थी। आज गेटों की संख्या 13 कर देने के बाद नर्मदा का जलस्तर कहीं 24 तो कहीं 26 फीट तक ऊपर आ गया था। 

 एसपी ने दिए थानों में अलर्ट जारी करने निर्देश

. एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने थाना प्रभारी बरगी, ग्वारीघाट, तिलवारा, भेड़ाघाट, चरगवां, शहपुरा, बेलखेड़ा, बरेला एवं चौकी प्रभारी गौर को अपने-अपने थाना क्षेत्र के नर्मदा नदी के घाटों एवं किनारे बसे गांव में एनाउंसमेंट कराते हुए सूचित कराया जाना सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। आदेश मिलते ही सभी थाना पुलिस ने गांव-गांव मुनादी पिटवाना भी प्रारंभ कर दी। वर्तमान में श्रद्ध पक्ष चल रहा है। नर्मदा तटों में पितरों को जल अर्पित करने वालों का मेला लगा रहता है। ऐसे में प्रशासन ने नर्मदा में तर्पण के लिए पहुंचने वालों को आगाह किया है, कि वे सतर्कता बरतें। थोड़ी सी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है। क्योंकि कुछ लोग बच्चों को भी तर्पण के लिए ले जा रहे हैं। ऐसे लोगों से विशेष सतर्कता का आग्रह किया जा रहा है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.