मेयर जगतबहादुर सिंह अन्नू व कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने की हौसला अफजाई
जबलपुर। आजादी के अमृत महोत्सव में राष्ट्रभक्ति की अनूठी मिसाल उफनाती नर्मदा में तिरंगा यात्रा निकालकर पेश की गई। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले हर साल की तरह पुण्य सलिला मां नर्मदा में तैराकों द्वारा निकाली जाने वाली अखंड भारत संकल्प यात्रा का जोश-खरोश देखते ही बन रहा था। बारिश में उफनाती नर्मदा में तैराकों ने जिलहरीघाट से लेकर तिलवाराघाट तक उफनाती लहरों के बीच हाथों में तिरंगा लिए तैरते जा रहे थे। खास बात यह रही कि जिलहरीघाट से प्रारंभ तैराकी में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी भी शामिल हुए और तैरते हुए तिलवारा तक पहुंचे। यहां मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष विनोद गोंटिया ने तैराकों का स्वागत किया। तैराकों में स्त्री-पुरुष और बच्चों से लेकर बूढ़े-बुजुर्ग तक हाथ में तिरंगा लिए हुए भारत माता की जय का नारा लगाते हुए तैरते हुए पहुंचे।
तैराकों का जोश देख लगाए भारत माता के जयकारे ..........
संयोजक संजय सिंह यादव, सूत्रधार विवेक सिंह यादव ने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार संजय सिन्हा, रवींद्र वाजपेयी सहित, स्वामी अखिलेश्वरानंद, शरद अग्रवाल आदि ने जिलहरीघाट से पूजन-अर्चन कर यात्रा का शुभारंभ कराया। श्याम बैंड के वादक राष्ट्रभक्ति गीतों की धुन बैंड पर बजाते हुए तैराकों के साथ चले। मार्ग में धावकों का जोश देखते ही बन रहा था जो नर्मदाजी में कलाबाजी खेलते हुए पूरे जोश और खरोश से तैरते हुए तिलवारा तक पहुंचे। तैराकों में अशोक ग्रोवर, दीपक असरानी, राजुल दुबे, विनोद मोठहा, राजेश मिश्र, श्री पांडे, अवितेश खरे, धीरज आनंद, राजकुमार यादव, उमाकांत मालवीय, राम लालवानी, पूनम ग्रोवर, ममता सोनी, योगिता चौकसे, बच्चों में भूमिका गोस्वामी, वंशिका गोस्वामी, निकुंज यादव, उत्कर्ष यादव, पूर्वी मोठहा आदि तैरते हुए तिलवारा तक पहुंचे।

