वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
जबलपुर। गोहलपुर थानांतर्गत रद्दी चौकी के पास मेट्रो बस ने एक युवक को कुचल दिया। जिसकी देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं करोंदा नाला के समीप एक पुलिसकर्मी को बेलगाम ट्रक ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मेडिकल में उपचार के दौरान जावेद की मौत
गोहलपुर थानाक्षेत्र के गाजीनगर में रहने वाला जावेद उर्फ पुत्तर शनिवार दोपहर किसी काम से घर से निकला था। जैसे ही वह रद्दी चौकी के पास पहुंचा मेट्रो बस क्रमांक एमपी 20 पीए 1271 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मारी और बस उसके पैर को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। घटना के बाद बस चालक तेजी से बस चलाते हुए अधारताल थाने पहुंचा, जहां उसने बस खड़ी की और वहां से भाग निकला। क्षेत्रीय लोगों और परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
अधारताल थाने की ड्यूटी से लौट रहे थे प्रधान आरक्षक
अधारताल थानांतर्गत करौंदा नाला के पास बेलगाम भाग रहे ट्रक ने बाइक सवार पुलिस कर्मी को टक्कर मार दी। घटना में पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोपी चालक वहां से भाग निकला। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि अधारताल थाने में ही पदस्थ प्रधान आरक्षक परशुराम पांडे ड्यूटी निपटाकर रात में घर जा रहे थे। जैसे ही वे करौंदा नाला के पास पहुंचे, ट्रक क्रमांक यूपी 94 टी 5080 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना में परशुराम 10 फिट दूर जाकर गिरे, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ट्रक के नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।