Type Here to Get Search Results !

रात में बारिश का कहर, भरभराकर गिरे मकान के मलबे से लोगों को पुलिस ने निकाला, केंट में घर पर गिरा पेड़

कुछ घंटे में 2 इंच वर्षा, 43 इंच पहुंचा बारिश का आंकड़ा

 जबलपुर। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात में हुई झमाझम बारिश से कई मकान भरभराकर गिरे और केंट स्थित एक मकान पर वर्षो पुराना बरगद का पेड़ गिर गया जिससे घर क्षतिग्रस्त हो गया और क्रेन बुलाकर पेड़ हटाना पड़ा। देर रात हुई 2 इंच बारिश से लोग सहम गए और इसके साथ ही बारिश का आंकड़ा 43 इंच पहुंच गया है।

 चरगवां हादसे में घायल बच्चे की हालत गंभीर

 खबर के मुताबिक चरगवां थाना क्षेत्र के बढ़ैयाखेड़ा गांव के बाहर खेत में बना मकान बारिश के दौरान भरभराकर गिर गया। हादसे में घर के अंदर सो रहे एक ही परिवार के 5 सदस्य मलबे में दब गए। मकान गिरने एवं मलबे के नीचे दबे लोगों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रह रहे एक परिवार की नींद खुल गई और उसने मौके पर पहुंचकर चरगवां पुलिस सहित डायल-100 में कॉल कर सहायता मांगी। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाकर नीचे दबे 5 लोगों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे में साधारण रूप से घायल 3 सदस्यों को स्थानीय शासकीय अस्तपाल में और गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को एफआरवी से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है। सहायक उपनिरीक्षक संतोष सेन ने बताया कि करीब ढाई बजे रात में डायल 100 के माध्यम से सूचना मिली की बढ़ैयाखेड़ा गांव के पास खेत में मकान बनाकर रह रहा टेक सिंह पटेल परिवार के साथ घर पर सो रहा था। तेज बारिश के बीच रात में मकान अचानक भरभरा कर गहरी नींद सो रहे परिजनों पर गिर गया। हादसे में टेक सिंह व उसकी पत्नी भूरी बाई एवं बेटी मोहिनी व काजल सहित छोटा बेटा दुर्गेश मलबे दब गए थे। ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे में टेक सिंह पटेल एवं 12 वर्षीय दुर्गेश पटेल को गंभीर चोट आई है। 

 पूर्व पार्षद अमित पहुंचे,केंट बोर्ड प्रशासन ने सुबह हटाया पेड़

 तेज बारिश के दौरान कटंगा केरला भवन के समीप वर्षो पुराना बरगद का पेड़ मकान पर जा गिरा। गनीमत यह रही कि जड़ से उखड़ा पेड़ मकान की चौखट पर जा टिका, लेकिन पेड़ ऐसी हालत में था कि यदि उसे मकान से हटाए बिना काटा जाता तो पूरा मकान धराशाही हो जाता। लिहाजा केंट बोर्ड प्रशासन ने क्रेन बुलाकर पेड़ हटवाया। मकान पर पेड़ गिरने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पूर्व बोर्ड मेंबर अमित अग्रवाल ने बताया कि केरला भवन के सामने विजय ठाकुर का मकान है। उनके मकान में सोमवार की रात बरसात के दौरान अचानक करीब 100 साल पुराना बरगद का पेड़ गिर गया। बरसात के चलते रात में पेड़ को हटा पाना मुश्किल हो रहा था, लिहाजा सुबह केंट बोर्ड के अमले के साथ रेस्क्यू प्रारंभ किया गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.