जमीन जायजाद के कागजात जब्त, कुंडम स्थित निवास पर सर्चिग
जबलपुर। ईओडब्ल्यू की टीम ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति इमलई में पदस्थ सहायक प्रबंधक पन्ना लाल उइके के कुंडम स्थित निवास पर सुबह-सुबह छापा मार कर लाखों की अवैध सम्पत्ति उजागर की। शुरूआती जांच में सामने आया कि पन्ना लाल ने अपने सेवा काल में नौकरी से जितनी आय अजिर्त की है उनके पास उससे 218 प्रतिशत अधिक संपत्ति है। एसपी ईओडब्ल्यू देवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत ने बताया कि पन्ना लाल के खिलाफ शिकायत मिली थी कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर काफी बेनामी संपत्ति अजिर्त कर रखी है। जिसके बाद सर्च वारंट लेकर डीएसपी एवी सिंह ने टीम के साथ पन्ना लाल के कुंडम तहसील स्थित जमगांव के घर और सेवा सहकारी समिति इमलाई के कार्यालय में सर्च कार्रवाई की। जांचकर्ता इंस्पेक्टर मोमेंद्र मर्सकोले ने बताया कि पन्ना लाल के पास अब तक ग्राम जम गांव में दो मकान 4000 वर्गफीट, ग्राम इमलई में 3. 55 हेक्टेयर कृषि भूमि, ग्राम जमगांव में 1.67 हेक्टेयर कृषि भूमि, ग्राम डोली में 5 एकड़ कृषि भूमि, ग्राम जमगांव में 1.38 हेक्टेयर कृषि भूमि, एक ट्रैक्टर एक थ्रेसर और 6 मोटरसाइकिल मिली है। समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई जारी है, पुलिस घर में रखे अन्य दस्तावेज भी खंगाल रही है, जिसके माध्यम से और भी संपत्ति उजागर होने के साथ बैंक के लॉकर का पता लग सकता है। कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर स्वर्ण जीत सिंह धामी, प्रेरणा पांडे, मोमेंद्र मर्सकोले, उप निरीक्षक गोविंद सिंह सहित टीम के सदस्य मौजूद रहे।

