मध्यान्ह भोजन में कभी इल्ली तो कभी बदबूदार खिचड़ी, ठेकेदार को संरक्षण
जबलपुर। शासकीय स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन में परोसी गई खीर में मरा हुआ मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया। बच्चों ने शिक्षकों की जानकारी दी तो अन्य बच्चों को परोसी जाने वाली खीर अलग कर दी गई। जांच और कार्रवाई के नाम पर जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी की बतोलेबाजी ही रही जिसमें उन्होने कहा कि शिकायत मिलने पर प्रिंसिपल को भेजा गया है, उनकी रिपोर्ट मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में मध्यान्ह भोजन में इल्ली मिलने की घटना उदाहरण है कि मध्यान्ह भोजन देने वाले ठेकेदार पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। बताया जाता है कि रामपुर नयागांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के बच्चों को मध्यान्ह भोजन में खीर परोसी गई थी। एक बच्चे की थाली में खीर के साथ मरा हुआ मेंढक भी परोस दिया गया। बच्चों में खलबली मच गई और शिक्षक को इसकी जानकारी दी गई। बच्चों की जान से खिलवाड़ करने की लगातार हो रही घटनाओं के बाद भी संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं की गई। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी का कहना है कि रामपुर स्कूल के प्रिंसिपल की रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई करने के लिए जिला पंचायत को पत्र लिखा जाएगा ताकि मध्यान्ह भोजन सप्लाई करने वाली एजेंसी पर लगाम कसे।
