घरों से निकलकर सड़क पर आए लोग, तीव्रता की जानकारी नहीं प्रशासन को
जबलपुर। संभाग के सिवनी जिले में बीते डेढ़ साल से आ रहे भूकंप के झटकों ने गुरुवार की सुबह फिर लोगों को सोते से उठा दिया। सुबह-सुबह धरती कांपने से लोग घरो से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। सिवनी के भूकंप की दहशत जबलपुर तक आई, लेकिन संभाग या जिला स्तर पर प्रशासन को यह जानकारी नहीं रही कि रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता कितनी रही।
ऑफ्टर शॉक की दहशत से लोग घरों के बाहर रहे
बताया जा रहा है कि सिवनी में आज सुबह 5 बज कर 20 मिनट पर धरती में तेज कंपन हुआ। हालांकि भूकंप की तीव्रता अधिक नहीं थी इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन सुबह से सिवनी में एक बार फिर दहशत छा गई। सिवनी के कबीर वार्ड डूंडा सिवनी, टैगोर वार्ड, महावीर वार्ड क्षेत्र के लोगों ने बताया कि वे घर की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। तभी घर का सामान हिलने लगा और बाहर गली में खड़े कुत्ते भी जोर-जोर से भौंकने लगे। राजपूत कॉलोनी टैगोर वार्ड निवासी भोजराज मदने, रेलवे स्टेशन रोड निवासी नंद किशोर दुबे, कटंगी नाका अभिषेक कॉलोनी निवासी आशीष गुप्ता, कटंगी रोड निवासी रूपेश कोहरू आदि ने भूकंप के तेज झटके महसूस करने की बात कही। भूकंप के आफ्टर शॉक की संभावना से लोग घरों के अंदर जाने से डर रहे थे। इससे पहले यहां सितंबर 2021 में 14 दिन में तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इनकी तीव्रता हर बार बढ़ती रही है। इससे पहले अक्टूबर-नवंबर 2020 में भी भूकंप के तेज झटके से लोग घबरा गए थे।
