सिविक सेंटर में धरना देकर कहा- अब जनता देगी जवाब
जबलपुर। देश में लगातार बढ़ती हुई महंगाई, बेरोजगारी व जीएसटी की विसंगतियों पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को ललकारा। सिविक सेंटर में पार्टी के नेताओं ने उमभ भरी गर्मी में धरना देते हुए कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त जनता भाजपा सरकार को जवाब देगी। धरना प्रदर्शन में नगर कांग्रेस अध्यक्ष व नवनिर्वाचित मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित अनेक पदाधिकारी शामिल रहे।
सोनिया-राहुल को गिरफ्तार किया तो देश की जेलें भर जाएंगी
. धरना-प्रदर्शन में नगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन काल में कभी सीबीआई, ईडी या अन्य जांच एजेंसियों का दुरुपयोग नहीं किया जबकि कुछ उद्योगपतियों के हाथों में खेल रही भाजपा सरकार सिर्फ कांग्रेस को निशाना बनाकर जांच एजेंसियों का बेजा उपयोग कर भयभीत करने की राजनीति कर रही है। यादव ने कहा कि यदि कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी व राहुल गांधी को झूठे मामले में गिरफ्तार किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता देश भर की जेलें भर देंगे। मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने ओजस्वी भाषण में कहा कि सरकार को परेशानी ङोल रही जनता से कोई सरोकार नहीं है। देश में जिस तरह बढ़ती हुई महंगाई और बेरोजगारी से जनता दबी जा रही है, आने वाले समय में जनमानस से इसका जवाब मिलेगा। जीएसटी की विसंगतियों से छोटे व्यापारी परेशान हैं और लोगों को राहत देने की बजाय खाने-पीने की चीजों पर जीएसटी का बोझ बढ़ाकर अत्याचार किया जा रहा है। अराजक सरकार लोकतंत्र की मर्यादा को खंडित कर जांच एजेसिंयों का दुरुपयोग कर रही है और ये बात जनता को साफ दिख रही है। उन्होने कहा कि कांग्रेस जनता के मूल मुद्दों के लिए हमेशा आंदोलन करती रहेगी और पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनता के लिए संघर्ष करते रहने का संकल्प लिया है। प्रदर्शन में सेवादल प्रमुख सतीश तिवारी, विधायक विनय सक्सेना सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
