Type Here to Get Search Results !

ब्राम्हणों पर गलत टिप्पणी कर प्रीतम फसे, तरुण भनोत ने कहा-महापद्यमानंद जैसे खत्म होगा भाजपा का साम्राज्य

वीडी शर्मा ने तलब किया लोधी को, संगठनों ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

 जबलपुर। ब्राम्हणों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता प्रीतम लोधी के खिलाफ प्रदेश भर में माहौल बन गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें नोटिस जारी कर तत्काल उपस्थित होकर जवाब देने कहा है। वहीं पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत ने कहा है कि ब्राम्हण का अपमान करने पर महापद्यमानंद का भ्रष्ट साम्राज्य समाप्त हुआ था, वैसे ही अब ब्राम्हणों का अपमान कर रही शिवराज सरकार व मोदी की भाजपा का साम्राज्य भी समाप्त होगा। 

 तरुण भनोत ने कहा-चुनावी फायदे के लिए भाजपा करती है इस्तेमाल

 जबलपुर पश्चिम से कांग्रेस विधायक व कमलनाथ सरकार में वित्त मंत्री रहे तरुण भनोत ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राष्ट्रीय अध्यक्ष से ब्राम्हण समाज से माफी मांगने और 37 अपराधिक मामलों वाले भाजपा नेता प्रीतम लोधी के घर पर बुल्डोजर चलाने की मांग की है। भनोत ने कहा कि चुनावी फायदे के लिए भाजपा ब्राह्मण समाज की बात करने लगती है, लेकिन बाकी समय ब्राह्मणों का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ती। प्रीतम लोधी ने जिन शब्दों का प्रयोग ब्राह्मण समाज के लिए किया है मैं उन शब्दों को दोहराने के बारे में सोच भी नहीं सकता। उन्होने कहा कि भाजपा ने ऐसे छटे हुए गुंडे को ब्राह्मण समाज का अपमान करने का जिम्मा सौंपा है, जो समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। तरुण भनोत ने याद दिलाया कि भारत में 2000 साल पहले महापद्यमानंद का सबसे बड़ा साम्राज्य हुआ करता था, लेकिन जब उन्होंने एक गरीब ब्राह्मण चाणक्य का अपमान किया तो उसी ब्राह्मण ने शिखा खोलकर प्रतिज्ञा ली थी कि वह उनके वंश का समूल नाश कर देगा।

 कथावाचक पंडितों की नजर कहीं और होती है

 17 अगस्त को शिवपुरी में प्रीतम लोधी ने कहा था कि कथावाचक पंडित कम उम्र की महिलाओं को आगे बिठाते हैं। आपको नवरात्रि के 9 दिन रोजाना 7-8 घंटे तक पागल बनाते हैं। कहते हैं कि अगर तुम दान करोगे तो भगवान तुमको देगा। महिलाएं इनकी बातों में आ जाती हैं और दूध, घी, दही अपने बच्चों को खिलाने की बजाय इन्हें दे देती हैं। ब्राह्मण 9 दिन तक आपको उल्लू बनाने और बातें करने के आपसे 25 से 50 हजार रु पए भी लेता है। इतना ही नहीं ये लोग सुंदर महिलाओं के घर का चयन करते हैं फिर उनके घर भोजन के बहाने जाते हैं और इनकी नजर कहीं और होती है। इस भाषण का वीडियो वायरल हो गया जिसमें और भी आपत्तिजन बातें कहीं गईं। यह मामला गर्माने से भाजपा बचाव की मुद्रा में है और कांग्रेस हमलावर हो गई है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.