नगर निगम अध्यक्ष चुनाव, अन्नू सिंह के साथ 34 की संख्या से रणनीतिकार जुटे
जबलपुर। नवनिर्वाचित मेयर व पार्षदों के शपथ विधि समारोह पार्ट-2 के साथ ही नगर निगम अध्यक्ष के चुनाव को लेकर कांग्रेस-भाजपा के रणनीतिकार सक्रिय हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू व कांग्रेस पार्षदों के शपथ विधि समारोह में 34 पार्षदों की संख्या से अलर्ट भाजपा ने कोई जोखिम लिए बगैर अपने सभी 44 पार्षदों की बाड़ाबंदी कर दी है। बताया जाता है कि 10 अगस्त को होने वाले अध्यक्ष व अपील समिति के चुनाव के पहले ही भाजपा ने अपने पार्षदों को शहर की एक बड़ी होटल में रखने का इंतजाम कर दिया है और ये पार्षद अध्यक्ष के निर्वाचन के दिन सीधे वहीं से नगर निगम पहुंचेगे। भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि प्रदेश नेतृत्व एक-दो दिन में नाम फायनल कर देगा। अध्यक्ष पद के लिए अर्चना सिसोदिया, रिंकू विज और लवलीन आनंद के नामों पर विचार किया जा रहा है।
प्रशासन की तैयारी, अन्नू सिंह की एमआईसी के लिए भी पार्षदों की होड़
नगर निगम अध्यक्ष और अपील समिति के चयन के लिए सदन का प्रथम सम्मिलन 10 अगस्त को नगर निगम के पं भवानी प्रसाद तिवारी सभागार में आयोजित किया जाएगा। सम्मिलन में पीठासीन अधिकारी की सहायता के लिए दल का गठन भी कर दिया गया है, जिसमें एसडीएम पीके सेन गुप्ता, एसडीएम जेपी यादव, अपर आयुक्त महेश कोरी, अपर आयुक्त आरपी मिश्र, विधि अधिकारी राजीव अनुभोरे, सहायक आयुक्त आशीष शर्मा, कार्यालय अधीक्षक दिलीप दुबे और प्रकाश श्रीवास्तव शामिल हैं। अध्यक्ष और अपील समिति के निर्वाचन की प्रक्रिया सुबह 10.30 बजे नाम निर्देशन पत्रों की प्रस्तुति के साथ शुरू होगी और दोपर 12 से 1 के बीच गुप्त मतदान होगा। इसी दिन रिजल्ट भी घोषित कर दिया जाएगा। नगर निगम अधिनियम 1956 के तहत अध्यक्ष के निर्वाचन की तारीख से सात दिन के भीतर निर्वाचित पार्षदों में से मेयर को मेयर इन काउंसिल का गठन भी करना पड़ेगा। अन्नू सिंह की एमआईसी में शामिल होने कांग्रेस पार्षदों में होड़ मची है।
