कालीमठ हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे में किया पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर। कालीमठ में घर पर अकेली महिला की हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 66 वर्षीय केशर बाई चौकसे की हत्या करने वाले दोनों युवक उसके किराएदार रहे और मकान छोड़ने के पहले दोनों ने केशर बाई की तिजोरी का अंदाजा ले लिया था। घर में लूट करने के इरादे से घुसे आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर बांधने के बाद उसकी हत्या कर दी थी। अंधे हत्याकांड की पड़ताल में जुटी मदन महल पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ करते हुए पुराने किराएदारों की पड़ताल शुरू की,जिसके बाद पुलिस के हाथ आरोपियों तक पहुंच गए।
मकान छोड़ने के बाद बनाया लूट का प्लान
मदन महल टीआई नीरज वर्मा ने बताया कि घर में लूट करने के इरादे से घुसे आरोपियों ने बुजुर्ग महिला केशर बाई की हत्या की थी। हत्या करने वाले दोनों आरोपी आकाश पटेल और दीपक पटेल पूर्व में महिला के मकान में किराए से रहते थे। कुछ माह पहले ही आरोपी घर खाली कर चले गए थे। घर में महिला का अकेला रहना सहित अन्य जानकारी आरोपियों को पहले से थी। योजना के तहत दीपक और आकाश ने महिला के घर से नगदी और जेवर लूटने का प्लान बनाया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 लाख 30 हजार नकद, साढ़े 5 तोला सोने की चेन व चूड़ी बरामद की गईं। अंधे कत्ल का खुलासा करने वाली टीम को एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
एसपी ने किराएदारों की पड़ताल के दिए निर्देश
मदनमहल थाना क्षेत्र में 8 अगस्त सोमवार की दोपहर केशर बाई चौकसे की लाश घर में मिली थी। अंधे कत्ल एवं मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा मौके पर पहुंचे थे। एसपी को प्राथमिक पूछताछ के दौरान किराएदार अनिल कुमार अविद्रा ने बताया था कि वह करीब 6 माह से यहां रह रहा है। घर में पानी नहीं था मोटर की बटन मकान मालिक के यहां लगी थी उसने दरवाजा खटखटाया कोई आवाज नहीं हुई तो आसपास के लोगों को बताया। दरवाजे को खोलकर देखा टीवी चालू था,आलमारी खुली थी एंव कपड़े पलंग पर बिखरे हुए थे। बगल वाले कमरे में केशर बाई मृत अवस्था में खून से लथपथ पड़ी थीं। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर एएसपी गोपाल खांडेल, एएसपी समर वर्मा, सीएसपी प्रभात शुक्ला के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी नीरज वर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।