नगर निगम में भाजपा पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में बोले प्रभारी मंत्री, कांग्रेस ने दिखाया बड़ा दिल
जबलपुर। नगर निगम परिसर में आज भाजपा के सभी 44 पार्षदों को कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने शपथ दिलाई। भव्य समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि मेरा ऐसा मानना है कि पार्षद व सरपंच का चुनाव सबसे कठिन होता है, और मैं ये मानकर चलता हूं कि जो भी एक बार पार्षद बन गया वह हमारा स्थान लेने के योग्य हो गया। उन्होने कहा कि वे खुद भी 42 साल पहले नगरीय निकाय से आए थे। समारोह में कांग्रेस ने बड़ा दिल दिखाया और भले ही मेयर के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा पार्षद नहीं पहुंचे, लेकिन मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित विधायक विनय सक्सेना, संजय यादव व तरुण भनोत ने पहुंचकर सभी पार्षदों को बधाई दी। इस अवसर पर सांसद राकेश सिंह, विधायक अशोक रोहाणी सहित पूर्व मेयर द्वय सदानंद गोडबोले व डॉ स्वाति गोडबोले सहित संत महात्मा मंचासीन रहे।
दीप प्रज्जवल से शुभारंभ, संत महात्माओं का आशीष
. शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इसके बाद उन्होंने कन्याओं का पूजन किया। इस दौरान नगर निगम के संस्कृत विद्यालय के बाल पुरोहितों ने वेद मंत्रोच्चर और स्वस्तिवाचन किया। शपथ ग्रहण समारोह का भव्य मंच धर्माचार्यो से भी सुशोभित था। यहां पर स्वामी अखिलेश्वरानंद, स्वामी गिरीशानंद, मुकुंददास महाराज, पगलानंद महाराज, चैतन्यानंद महाराज सहित अनेक संतगण उपस्थित हुए। भाजपा पार्षदों ने सभी का स्वागत किया।
कमलेश, जीतू , रिंकू सहित 9 पार्षदों ने संस्कृत में ली शपथ
समारोह के प्रांरभ में 9 पार्षदों ने संस्कृत में शपथ ली। इनमें रिंकू विज, कमलेश अग्रवाल, जीतू कटारे, लवलीन आनंद, सुशील गोस्वामी, पूजा पटेल, प्रिया तिवारी आदि शािमल थे। शपथ लेने के बाद भारत माता की जय के नारे लगाए गए। समारोह को लेकर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं में उत्साह था। बड़ी संख्या में भाजपा नेता-कार्यकर्ता और पार्षदों के परिजन शपथ समारोह में पहुंचे। आयोजन स्थल पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी। पार्षदों ने नौ-नौ की संख्या में शपथ ग्रहण की। कलेक्टर इलैया राजा टी ने सभी को पद की शपथ दिलाई। शपथ के पहले ही सभी पार्षदों को शपथ पेपर पकड़ा दिया गया था। सब मन में पढ़ कर रिहर्सल भी कर रहे थे। बावजूद इसके कई पार्षद मंच पर केवल कागज लिए खड़े देखे गए। उन्होंने मुंह से एक शब्द भी नहीं बोला। जो बोल रहे थे, उनकी आवाज में ही उन्होंने भी अपनी शपथ मान ली। शपथ के बाद सामूहिक जयकारे लगाए गए। अन्नू बोले।
सब मिल कर करेंगे काम, राकेश सिंह ने साथ देने का वादा किया
मेयर जगत बहादुर अन्नू ने कहा कि अब हम भाजपा-कांग्रेस नहीं हैं, अब हम एक परिवार हैं। शहर का विकास करने के लिए हमें एक होकर काम करना पड़ेगा। आने वाले समय में नालों का एक बूंद पानी भी नर्मदा में न मिले, ये सुनिश्चित करने के लिए हम सबको मिल के काम करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में हम सभी जनता से वायदे करते हैं। अब वायदा पूरा करने का समय है। इसके लिए एकता चाहिए। हम सबको जनता के पास भी जाना है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारस्परिक एकता जरूरी है। इस अवसर पर सांसद राकेश सिंह ने कहा कि मैं अन्नू भाई को विश्वास दिलाता हूं कि शहर के विकास में केंद्र सरकार और राज्य सरकार पूरा सहयोग करेंगी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में कोई अड़ंगा नहीं आने दिया जाएगा।

