पाटन में हादसा, खेत में भरा पानी बना मौत का कारण
जबलपुर। सावन के अंतिम सोमवार को घर में भोलेनाथ का अभिषेक पूजन करने के बाद पूजन सामग्री व पार्थिव शिवलिंग का विसजर्न करने मां और दादी के साथ गईं 2 सगी बहनें पानी में डूब गईं। खेत में भरे पानी में डूब रहीं बेटियों को बचाने के लिए महिलाओं ने आवाज लगाई तो पास ही खेत में कार्य कर रहे मजदूरों ने दोनों लड़कियों को पानी के बाहर निकाला, लेकिन 13 साल की निधि की मौके पर मौत हो गई। मृतका की छोटी बहन नेहा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पाटन पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
बड़ी बहन को बचाने नेहा भी कूदी थी पानी में
पुलिस ने बताया कि ग्राम करहैया उड़ना निवासी पूरन सिंह लोधी के घर में सोमवार को शिव पूजन का आयोजन था। पूजा-पाठ समाप्त होने के बाद देर शाम पूजन सामग्री सहित शिवलिंग विसजर्न करने के लिए पूरन सिंह की बेटी निधि अपनी छोटी बहन नेहा, मां और दादी के साथ खेत पहुंची थी। पूरन सिंह के खेत के आगे एक खेत में बारिश का पानी भरा हुआ है। दोनों बहनें खेत की मेढ़ पर बैठकर विसजर्न कर रही थीं, तभी निधि का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगी। बहन को पानी में डूबता देख छोटी बहन नेहा ने बचाव के लिए आवाज दी। आवाज सुनकर कुछ दूरी पर खेत में कार्य कर रहे लोग दौड़े, इसी बीच नेहा अपनी बड़ी बहन को बचाने के लिए पानी में कूद गई। आवाज लगाने पर लोगों ने बच्चियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक निधि की मौत हो गई थी। धार्मिक अनुष्ठान के बाद पूरन के घर में मातम छा गया।