Type Here to Get Search Results !

सड़क निर्माण की तराई कर रहे युवक ने बदमाशों को रोका तो चला दी गोली, आधी रात दहशत

घमापुर में वारदात, वकील के बेटे पर फायर, बाल-बाल बचा 

जबलपुर। घमापुर क्षेत्र में मोहल्ले की सड़क पर हुए पेचवर्क की तराई कर रहे युवक पर 4 बदमाशों ने गोली चला दी। युवक ने उनसे सिर्फ इतना कहा था कि नया निर्माण हुआ है, आगे से घूमकर निकल जाओ। देर रात हुई फायरिंग से मोहल्ले में दहशत फैल गई और बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली हवा में निकल गई जिससे वकील का बेटा बाल-बाल बच गया। पीड़ित की शिकायत पर घमापुर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध 294, 323, 506, 336, 34 का अपराध दर्ज करते हुए सरगर्मी से उनकी तलाश शुरू कर दी है।

 धमकी देकर भागे आरोपी, मौके पर मिला गोली का खोखा

 पुलिस के मुताबिक अधिवक्ता एवं लाइब्रेरी इंचार्ज संगीता नायडू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 1:30 बजे उनका बेटा निहाल नायडू अपने दोस्त स्वराज सिंह के साथ मोहल्ले में हुए नवनिर्माण की सिंचाई कर रहा था, तभी मौके से सम्राट चौधरी उर्फ डाक्टर, सत्यम कुशवाहा, कृष्णा गुप्ता और सुरजीत जग्गी निकले। निहाल नायडू ने उन्हें बताया कि गणोश प्रतिमा स्थापित करने के लिए पेंचवर्क कराया गया है, आप लोग घूमकर दूसरे रास्ते से चले जाइए। निहाल के मना करने पर चारों बदमाश गाली देते हुए मारपीट करने लगे। निहाल और स्वराज के विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्टल से गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर संगीता नायडू सहित उनका अधिवक्ता पुत्र दौड़कर बाहर आए तभी आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। आरोपियों के भागने के बाद मोहल्ले के करीब एक दर्जन से अधिक लोग एकत्र हो गए। पिस्टल से चली गोली का एक खोखा मौके पर मिला है, जिसे पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.