पटना जा रही वास्कोडिगामा एक्सप्रेस में देर रात वारदात
जबलपुर। गोवा से चलकर पटना जाने वाली ट्रेन क्रमांक-12741 वॉस्कोडिगामा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी कोच में जबरिया घुस रहे अवैध वेंडर ने एसी कोच अटेंडर को चाकू मारकर घायल कर दिया। मदन महल स्टेशन पर रात डेढ़ बजे हुई इस घटना से खलबली मच गई। मौके पर जीआरपी तत्काल पहुंची लेकिन हमलावर फरार हो गया। बताया जाता है कि इटारसी की ओर से आ रही वास्कोडिगामा सुपरफास्ट ट्रेन के ए-बी-1 कोच में सीधी निवासी रामबहादुर जायसवाल कोच अटेंडर की ड्यूटी पर था। रात्रि लगभग 1:30 बजे जब ट्रेन दो घंटे विलंब से चलकर मदन महल स्टेशन के पास पहुंची उसी दौरान सत्यम कुचबंधिया नामक अवैध वेंडर एसी कोच में चढ़ गया। कोच अटेंडर रामबहादुर ने उसे रोका तो अवैध वेंडर सत्यम ने धारदार हथियार सं उसके चेहरे पर वार कर दिया जिससं राम बहादुर के चेहरे पर गहरा घाव हो गया। ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचते ही हमलावर फरार हो गया। जीआरपी को घटना की जानकारी मिलते ही घायल कोच अटेंडर को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज कर डिस्चार्ज कर दिया गया। घटना के बाद से जीआरपी बताए गए हुलिया के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। बताया जाता है कि सत्यम कुचबंधिया इससे पहले पवन एक्सप्रेस में भी वारदात कर चुका है।