आय से अधिक सम्पत्ति की शिकायत पर जांच
जबलपुर। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने सुबह-सुबह नगर निगम के सहायक यंत्री आदित्य शुक्ला के घर पर छापामार कार्रवाई शुरू की। ईओडब्ल्यू निरीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी के नेतृत्व में पहुंची टीम घर से मिले महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच कर रही है। ईओडब्ल्यू टीम ने सत्यापन एवं प्राथमिक जांच में पाया कि सहायक यंत्री आदित्य शुक्ला द्वारा अपनी सेवा अवधि के दौरान वैध स्त्रोतों से प्राप्त आय की तुलना में किए व्यय एवं अजिर्त संपित्त 203 प्रतिशत अधिक है। एई के आलीशान मकान में विलासिता का सामान और आधुनिक बाथरूम देख टीम भी भौचक रह गई।
अचल सम्पत्ति व बैंक खाते व लॉकरों की जांच
ईओडब्ल्यू एसपी देवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर टीम ने सहायक यंत्री आदित्य शुक्ला के रतन नगर स्थित आलीशान मकान में सर्च कार्रवाई शुरू की है। प्राथमिक पड़ताल में टीम को सोने-चांदी के जेवर, डेढ से दो लाख रुपए नगद, 3 लग्जरी कार, नई बुलेट बाइक, आलीशान भवन, बैंक में एक लॉकर एवं खाते में 6 लाख 40 नगद होने की जानकारी मिली है। आदित्य शुक्ला का मकान करीब 3900 वर्गफीट में बना हुआ है। पुराने 1500 वर्गफीट के मकान को तोड़कर पुन: बनाया जा रहा है। ईओडब्ल्यू ने एई आदित्य शुक्ला के विरूद्ध धारा 13 (1) बी, 13 (2) भ्रष्टाचार अधिनियम 1988 संशोधित अधिनियम, 2018 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। आदित्य शुक्ला जेएमसी में संपदा और उद्यान अधिकारी भी रह चुके हैं। कार्रवाई दौरान निरीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी, निरीक्षक उमा नवल आर्य, निरीक्षक प्रेरणा पांडे, एसआई विशाखा तिवारी, एसआई फरजाना परवीन, एसआई गोविंद यादव सहित अन्य उपस्थित रहे। इस कार्रवाई के दौरान ही ईओडब्ल्यू एसपी ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को बुलाकर भवन की जांच व मूल्यांकन कार्रवाई शुरू कराई।

