नगर नियोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य व ट्रैफिक के विशेषज्ञ होंगे शामिल
जबलपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू को पत्र लिखकर शहर विकास की अवधारणा को मजबूत बनाने मेयर इन काउंसिल के अतिरिक्त मेयर सलाहकार परिषद गठित करने कहा है। इस परिषद में नगर नियोजन से संबंधित विशेषज्ञ, स्वास्थ्य, शिक्षा व ट्रैफिक से संबंधित विशेषज्ञों को शामिल करने का सुझाव दिया गया है। कमलनाथ ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव प्रचार के दौरान एवं मेरे स्वयं के द्वारा समग्र नगरीय विकास की अवधारणा को लागू करने के उद्देश्य से मैने मेयर सलाहकार परिषद गठन करने का वचन जनता को दिया था। परिषद में विशेषज्ञों के साथ ही जानकार गणमान्य लोगों को भी शामिल किया जा सकता है। पत्र के साथ कमलनाथ ने मेयर को इस सलाहकार परिषद के गठन से संबंधित आदेश का प्रारूप भी भेजा है ताकि सुविधाजनक तरीके से इसका गठन कर शहर विकास की योजनाएं बनाई जाएं। पूर्व सीएम ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी द्वारा नागरिकों को दिए गए वचन को पूरा करने के संकल्प के साथ मेयर सलाहकार परिषद गठित करने सभी कांग्रेस के मेयर से आग्रह किया गया है।
