Type Here to Get Search Results !

मासूम बच्चे को पीटने वाले एसएएफ के जल्लाद आरक्षक पर एफआईआर

वीडियो वायरल होने पर एसपी ने दिए थे कार्रवाई के निर्देश 

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के मस्ताना चौक में 9 साल के बच्चे के साथ मारपीट करने वाले बेरहम एसएएफ के जवान अशोक थापा पर रांझी थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। साइकिल चोरी के असफल प्रयास के बाद एसएएफ के जवान ने बच्चे को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर अपनी एक्टिवा में बैठाकर थाना ले गया था। आरक्षक द्वारा बच्चे को पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद मामला दर्ज किया है। वारयल फुटेज में दिख रहा है कि कुछ स्थानीय लोगों ने बच्चे को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन जवान ने उन्हें भी हड़का दिया। 

 बच्चे को मोपेड पर बैठाकर ले गया था पुलिस थाने

 थाना प्रभारी सहदेव राम साहू ने बताया कि एएसएफ में आरक्षक के पद पर पदस्थ अशोक थापा द्वारा बच्चे को पीटने का वीडियो वायरल हुआ था। साइकिल चोरी के संदेह में आरक्षक अशोक थापा ने बच्चे के साथ मारपीट की थी। हालांकि बच्चे को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं है। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले का संज्ञान में लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12.45 बजे के लगभग रांझी स्थित एसएएफ बटालियन में पदस्थ आरक्षक अशोक थापा अपनी एक्टिवा से मस्ताना चौक पहुंचा था। थापा के साथ उसका एक अन्य आरक्षक साथी बाइक से मौके पर पहुंचा। दोनों अपने वाहन से उतरे और वहां खड़े करीब 9 वर्षीय मासूम बच्चे के साथ मारपीट करने लगे। लोगों ने बताया कि जल्लाद बने आरक्षक का मारपीट से जब मन नहीं भरा तो उसने बच्चे को उठाकर पटक दिया। 

 जो बीच-बचाव करने आया उससे भी की झूमाझटकी 

जानकारी के मुताबिक मासूम को पिटता देख वहां से गुजर रहे एक दूध वाले ने बीच-बचाव करने की हिमाकत की तो उस पर थापा जवान भड़क गया और उसी के साथ झूमा-झटकी करने लगा। स्थानीय लोगों ने जब विरोध दर्ज कराया तो जवान अशोक उसको जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठाकर रांझी थाना ले गया। जहां मासूम को साइकिल चोर बताकर उसको थाना में बैठा दिया था। रांझी थाना में मौजूद पुलिस कर्मियों ने घबराए बच्चे से कहा कि आप चिंता नहीं करो, आपको अभी घर भेज दिया जाएगा। पुलिस कर्मियों के दुलार के बाद बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.