अधिकारी ने कुर्सी छोड़ी तो मेयर अन्नू सिंह बोले- ये आपकी है, आप ही बैठें
August 23, 2022
0
पहली बार कार्यालय का निरीक्षण, मुख्य चौराहों पर लगेंगे हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, शहर विकास के साथ पुलिस का सहयोग भी
जबलपुर। मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू सिंह मंगलवार को पहली बार नगर निगम मुख्यालय स्थित कार्यालयों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान एक अधिकारी ने उनके सम्मान में कुर्सी छोड़ दी और बैठने का आग्रह किया तो मेयर ने सहजता से कहा कि ये आपकी है-इस पर आप ही बैठें। निरीक्षण के दौरान मेयर ने कहा कि शहर के लोगों की सुरक्षा की दृष्टि से एवं लॉ एंड ऑर्डर को बेहतर से बेहतर बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन पुलिस प्रशासन का हर संभव प्रयास करेगा। इसके लिए शहर के सभी प्रमुख स्थानों, कॉलोनियों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे नगर निगम द्वारा लगवाए जाएंगे। उन्होंने निगम अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि शहर विकास के साथ लूट, स्नैचिंग की वारदातों को नियंत्रित करने के लिए हमें भी पुलिस का सहयोग करना चाहिए।
असि. कमिश्नर अंकिता को दी मेयर हेल्पलाइन की जिम्मेदारी
निरीक्षण के लिए मेयर अपने चेंबर से निकलकर सीधे असिस्टेंट कमिश्नर अंकिता जैन के चेंबर में पहुंचे। जहां उन्होंने उनके द्वारा संभाले जा रहे विभागों की जानकारी लेते हुए कहा कि आप बहुत से विभाग संभाल रही हैं और आपका काम भी बहुत अच्छा है। इसलिए मेयर हेल्पलाइन का काम भी आप ही देखें, ताकि इसका लाभ शहरवासियों को मिल सके। अंकिता ने सहमति दे दी। मेयर अन्नू सिंह ने अधिकारियों से बेहद सहजता और सरलता से उनके कामकाज की चर्चा करते हुए कहा कि मैं 2004 से नगर निगम में सक्रिय हूं और पूरा जीवन यहीं बिताया है। हम सब मिलकर काम करेंगे। मेयर ने कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान पब्लिक डीलिंग वाले कार्यालयों में आने वाले नागरिकों से अच्छा व्यवहार व उनकी समस्या का निराकरण करने का आग्रह भी किया।
Tags

