Type Here to Get Search Results !

ओमती में रियाज के बाद बदमाश महमूद के आलीशान भवन पर चला बुल्डोजर

भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा पुलिस व प्रशासन का अमला

 जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में रियाज के बाद हत्या का प्रयास, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, धोखाधड़ी सहित अन्य अपराधिक मामलों में नामजद बदमाश मोहम्मद महमूद के आलीशान 2 मंजिला मकान पर पुलिस व प्रशासन ने बुल्डोजर चला दिय। मकान को तोड़ने के लिए पुलिस-प्रशासन एवं जेएमसी की टीम सुबह करीब 8 बजे पहुंची। करीब 15 दिन पहले भी टीम कार्रवाई करने पहुंची थी, लेकिन उस दिन महमूद न्यायालय से मिला स्थगन आदेश दिखाकर कार्रवाई रोकने में कामयाब हो गया था। उस दिन उसके भाई रियाज के मकान को तोड़ा गया था। अब हाईकोर्ट से आवेदन अपील पिटीशन खारिज होते ही टीम ने आज अवैध मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जक, रियाज एवं महमूद की अपराधिक छवि को ध्यान में रखते हुए विवाद की आशंका पर भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।

 मेहमूद पर दर्ज हैं कई थानों में आपराधिक प्रकरण

 सीएसपी ओमती आरडी भारद्धाज ने बताया कि कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा एवं जेएमसी कमिश्नर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर मोहम्मद महमूद के अवैध मकान को तोड़ने की कार्रवाई सुबह से शुरू कर दी थी। अधिकारियों ने पूर्व में राशन की काला बाजारी, मिलावटखोरी, भू-माफिया/चिटफंड कंपनी के कारोबारियों एवं सूदखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। संयुक्त टीम द्वारा अवैध निर्माण एवं कब्जे की जानकारी तैयार कर आरोपियों के विरुद्व लगातार कार्रवाई कर रही है। गौरतलब है कि 4 अगस्त 2022 को संयुक्त टीम ने मोहम्मद रियाज के आलीशान मकान को तोड़ने की कार्रवाई की थी। मोहम्मद रियाज पर जिले के 4 थानों में कई प्रकरण दर्ज हैं, जिसमें हत्या, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, धोखाधड़ी सहित अन्य अपराधिक मामले दर्ज हैं। सीएसपी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक के भाई मोहम्मद मेहमूद 52 वर्ष निवासी नया मोहल्ला पर थाना बरेला में धारा 364, 341, 147, 148, 149 के तहत प्रकरण दर्ज हैं। थाना ओमती में धारा 147, 186, 294, 225, 332, 333, 353, 506, 120बी,109 भादवि एवं एससी/एसटी एक्ट का प्रकरण दर्ज। थाना लार्डगंज में धारा 420, 467, 468, 471, 34 के प्रकरण दर्ज हैं। मोहम्मद महमूद के द्वारा नया मोहल्ला रिपटा में लगभग 500 वर्ग फुट भूमि पर अवैध रूप से निर्मित किए गए 2 मंजिला मकान जिसकी निर्माण लागत 25 लाख रुपए के आसपास है। 

 कार्रवाई के दौरान सुबह से मौजूद रहे अधिकारी-कर्मचारी

 विवाद होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई दौरान एडीएम शेर सिंह मीणा, एएसपी गोपाल प्रसाद खाण्डेल, एसडीएम ऋषभ जैन, अपर आयुक्त आरके मिश्र, उपायुक्त मनोज मिश्र, सीएसपी ओमती आरडी भारद्वाज, सीएसपी गोहलपुर अखिलेश गौर, डीएसपी पंकज परमार, थाना प्रभारी ओमती प्रफुल्ल श्रीवास्तव, थाना प्रभारी बेलबाग प्रियंका केवट, थाना प्रभारी सिविल लाइन रमेश कौरव, टीआई कोतवाली अनिल गुप्ता, टीआई गोरखपुर एसपीएस बघेल, टीआई गोहलपुर विजय तिवारी, टीआई खमरिया निरूपा पाण्डेय, तहसीलदार श्याम चंदेल, नायब तहसीलदार सुरेश सोनी, आरआई राजेन्द्र सेन, उमाशंकर सोनी, कार्यपालन यंत्री आरके गुप्ता, भवन अधिकारी मनीष तड़से, पंकज अवस्थी, सागर बोरकर एवं नगर निगम का अतिक्र मण अमला मौजूद रहा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.