कपड़ा व जूता की खरीदी करने जबलपुर आ रहे थे युवा व्यापारी
जबलपुर। चरगवां के ग्राम बिछुआ के पास मिनी ट्रक ने बाइक सवार युवकों को रौद दिया और अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गया। इस हादसे में दो युवकों की मौत होने की खबर है। बताया जाता है कि मिनी ट्रक की रफ्तार तेज होने के कारण घर में घुस जाने के बाद चालक व परिचालक को कटर मशीन से दरवाजा काट कर घायल अवस्था में बाहर निकाला गया। दोनों युवक त्योहार की खरीदी के लिए गांव से जबलपुर शहर आ रहे थे। हादसे में मृत कपड़ा व जूता व्यापारियों के परिजनों को सूचना देते हुए पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक युवक की मौके पर मौत, दूसरे ने रास्ते में दम तोड़ा
चरगवां पुलिस ने बताया कि बिछुआ निवासी जूता व्यापारी किशोरी चौधरी अपने दोस्त एवं कपड़ा कारोबारी नीलेश नामदेव के साथ बाइक क्रमांक एमपी 20 एनएल 4990 से खरीदी करने जबलपुर आ रहा था। किशोरी और नीलेश सुबह करीब 8 बजे घर से जबलपुर के लिए रवाना हुए थे। दोनों करीब 4 किलोमीटर चले होंगे तभी बिछुआ मोड़ के पास सामने से तेज रफ्तार से आ रहे मिनी ट्रक क्रमांक एमपी 09 जीजी 1442 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार दोनों दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नीलेश नामदेव की मौके पर मौत हो गई, वहीं अस्पताल पहुंचने से पहले किशोरी चौधरी की सांसें थम गईं। ट्रक के घायल परिचालक की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है, उन्हे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
दोनों साथ खरीदी करते थे,बिछुआ गांव में पसरा मातम
. किशोरी चौधरी और नीलेश गांव में ही अपना-अपना व्यापार करते थे। दोनों युवा कारोबारी थोक बाजार से माल की खरीदी करने हमेशा साथ में ही जबलपुर आते थे। नीलेश और किशोरी की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। दोनों के परिजन घटना स्थल पहुंचे। बताया जाता है कि नीलेश के घर में उसकी पत्नी और 2 छोटे-छोटे बच्चे हैं। लोगों में इस मार्ग पर होने वाले हादसों को लेकर आक्रोश है।
