नए मेयर जगत बहादुर सिंह के शपथ विधि समारोह में बोले पूर्व सीएम कमलनाथ
अन्नू ने शपथ लेते ही किया नर्मदा मैया का जयघोष, बोले-जनता के लिए जीवन समर्पित, दिलाएंगे समस्याओं से निजात
जबलपुर। नगर-निगम के 21 वें मेयर के रूप में जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित कांग्रेस के 26 पार्षदों,निर्दलीय शफीक हीरा, दो निर्दलीय व एआईएमआईएम की एक महिला पार्षद ने उत्साह भरे माहौल में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के मुख्य आतिथ्य में शपथ ली। वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने मेयर सहित सभी पार्षदों को पद और गोपनीयता तथा संविधान के पालन की शपथ दिलाई। पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि नए मेयर अन्नू शहर विकास की समझ और नए विजन के साथ जबलपुर को अग्रणी बनाकर जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि हम कलाकारी या नौटंकी नहीं बल्कि अपने काम की बदौलत जनता के दिल पर राज किया और आगे भी करेंगे। उन्होने कहा कि भारत देश के जैसी आध्यात्मिक शक्ति किसी के पास नहीं है, यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आज सभी धर्म के पार्षद जीत कर आए हैं यह भारतीय संस्कृति की पहचान है। इस संस्कृति की हमें हर हाल में रक्षा करना है। हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती युवाओं को धार्मिक मूल्यों और संस्कृति से जोड़ना है क्योंकि आज युवाओं को भटकाने वाले बहुत बड़ी संख्या में हो गए हैं। कमलनाथ ने मेयर सहित सभी से यह आव्हान भी किया कि अब सब मिलजुल कर जबलपुर के विकास के बारे में सोचें, मास्टर प्लान को 10 साल आगे का ध्यान रख कर बनाया जाए।
37 साल का परम्परागत गाउन पहन अन्नू ने ली शपथ
मेयर पद की शपथ शपथ लेने के बाद नए मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने नर्मदा मैया के जयकारा से अपनी बात शुरू की और कहा कि बुनियादी समस्याओं से जूझ रही जनता को राहत देना और सुनियोजित विकास ही उनकी प्राथमिकता होगी। इसके पहले नए मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू को 37 साल पुराना मेयर का परम्परागत गाउन पहनाया गया। शपथ लेते ही मेयर और पार्षदों सहित कांग्रेसियों ने पुण्य सलिला मां नर्मदा का जयकारा बोल नर्मदा मैया की जय और जय जबलपुर का उद्घोष किया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन, सरस्वति पूजन और वंदे मात्रम गायन से किया गया। इस अवसर पर संत-महात्माओं का स्वागत और सम्मान भी किया गया। समारोह में ब्रम्हचारी सुबुद्धानंद,स्वामी राघवदेवाचार्य, स्वामी गिरीशानंद, ब्रह्मचारी चैतन्यानंद महाराज, स्वामी पगलानंद महाराज, रामदास महाराज, सहित मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश और बिशप भी पहुंचे जिनका सभी ने स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई।
पूर्व विस अध्यक्ष, पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक रहे मंचासीन
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, विधायक लखन घनघोरिया, तरुण भनोत, विनय सक्सेना, संजय यादव सहित अनेक पदाधिकारी मंचासीन रहे। इस दौरान कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा और नगर-निगम कमिश्नर आशीष वशिष्ठ का भी नए मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने स्वागत किया। कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, आलोक मिश्र, मुकेश राठौर, विष्णु शंकर पटैल सहित अनेक कांग्रेस नेतागण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।


